एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शुरुआती कारोबार में नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद सेंसेक्स, निफ्टी में गिरावट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अपने नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गए, लेकिन वे बढ़त बरकरार रखने में विफल रहे और बाद में वैश्विक बाजारों से कमजोर रुझान के कारण गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

जरुरी जानकारी | शुरुआती कारोबार में नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद सेंसेक्स, निफ्टी में गिरावट

मुंबई, 19 जुलाई शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अपने नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गए, लेकिन वे बढ़त बरकरार रखने में विफल रहे और बाद में वैश्विक बाजारों से कमजोर रुझान के कारण गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 81,587.76 अंक के अपने नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया, लेकिन यह इस गति को आगे जारी नहीं रख सका और 166.93 अंक गिरकर 81,176.53 अंक पर आ गया।

एनएसई निफ्टी भी शुरुआती कारोबार के दौरान 24,854.80 के अपने नए रिकॉर्ड शिखर पर पहुंचने के बाद 73.1 अंक गिरकर 24,727.75 पर आ गया।

सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, सन फार्मा और पावर ग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।

आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंफोसिस के शेयरों में करीब तीन प्रतिशत की तेजी आई है। कंपनी का अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सात प्रतिशत की वृद्धि के साथ 6,368 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए वृद्धि के अपने अनुमान को भी बढ़ा दिया है। इससे आईटी क्षेत्र में सुधार का संकेत मिलता है।

एशियन पेंट्स, आईटीसी, नेस्ले और अदानी पोर्ट्स के शेयर भी लाभ में रहे।

एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.76 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बृहस्पतिवार को लिवाल रहे और शुद्ध रूप से 5,483.63 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2024 10:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).