जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में सीमित कारोबार के बीच सेंसेक्स, निफ्टी लगभग स्थिर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को कारोबार सीमित रहा और बीएसई सेंसेक्स में मामूली 12 अंक की गिरावट आई। किसी ठोस संकेत के अभाव में निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखी।
मुंबई, 19 अगस्त स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को कारोबार सीमित रहा और बीएसई सेंसेक्स में मामूली 12 अंक की गिरावट आई। किसी ठोस संकेत के अभाव में निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखी।
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रतिभागियों ने मूल्यांकन अधिक होने को लेकर चिंता के बीच प्रमुख शेयरों में मुनाफावसूली भी की।
कारोबार सीमित दायरे में रहा और तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 12.16 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 80,424.68 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 80,724.40 अंक तक गया और नीचे में 80,332.65 अंक तक आया।
हालांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 31.50 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,572.65 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
इसके उलट, लाभ में रहने वाले शेयरों में टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एनटीपीसी, जेएसडब्ल्यू स्टील, एशियन पेंट्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार शुरुआती लाभ को बरकरार नहीं रख पाये। इसका कारण खासकर मांग में नरमी से वाहन शेयरों में मुनाफावसूली रही।’’
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार के दौरान तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त में रहे थे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘बाजार की इस सप्ताह की शुरुआत हल्की रही। शुक्रवार को तेजी के बाद बाजार स्थिर रहा। शुरुआती बढ़त के बाद निफ्टी सीमित दायरे में रहा।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 766.52 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,606.18 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.82 प्रतिशत फिसलकर 79.03 डॉलर प्रति बैरल रहा।
बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 1,330.96 अंक के लाभ में रहा था, जबकि निफ्टी 397.40 अंक चढ़ा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 19, 2024 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

