जरुरी जानकारी | सुस्त कारोबार में सेंसेक्स, निफ्टी स्थिर रुख के साथ बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सुस्त कारोबार में दोनों मानक सूचकांक...बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी...मंगलवार को स्थिर बंद हुए। खुदरा मुद्रास्फीति और अन्य आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखने को तरजीह दी।
मुंबई, 11 मार्च सुस्त कारोबार में दोनों मानक सूचकांक...बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी...मंगलवार को स्थिर बंद हुए। खुदरा मुद्रास्फीति और अन्य आंकड़े जारी होने से पहले निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखने को तरजीह दी।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 12.85 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 74,102.32 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 451.57 अंक तक लुढ़क कर 73,633.60 अंक तक आ गया था।
हालांकि, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 37.60 अंक यानी 0.17 प्रतिशत बढ़कर 22,497.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 61.8 अंक चढ़कर 22,522.10 अंक तक चला गया था।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जोमैटो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज नुकसान में रहे।
दूसरी ओर, लाभ में रहने वाले शेयरों में सन फार्मास्युटिकल्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, मारुति सुजुकी इंडिया, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक और टाइटन शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘व्यापार युद्ध के कारण आर्थिक नरमी की चिंताओं के बीच अमेरिका और अन्य एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली के बावजूद, घरेलू बाजार में धीरे-धीरे सुधार के संकेत दिख रहे हैं।’’
नायर ने कहा, ‘‘शेयरों के मूल्यांकन में आई नरमी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, डॉलर सूचकांक में कमी और घरेलू कंपनियों की आय में उछाल की उम्मीदों के कारण बाजार में अपेक्षाकृत कम अस्थिरता देखी जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि इस सप्ताह जारी होने वाले खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर निवेशकों की नजर है। इससे प्रमुख ब्याज दर में कटौती के बारे में संकेत मिलेगा।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहे। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग स्थिर रहा। चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में रहा।
अमेरिकी बाजारों में सोमवार को चार प्रतिशत की गिरावट आई।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.77 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 485.41 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 263.51 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 217.41 अंक टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 92.20 अंक की गिरावट आई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 11, 2025 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

