जरुरी जानकारी | मुनाफावसूली से सेंसेक्स में 36 अंक की मामूली गिरावट, निफ्टी स्थिर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.
मुंबई, आठ जुलाई हाल की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स सोमवार को मामूली 36.22 अंक की हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी लगभग स्थिर बंद हुआ। किसी ठोस संकेत के अभाव में निवेशकों ने बाजार से दूरी बनाये रखी।
एशिया के अन्य बाजारों में कमजोर रुख से भी घरेलू शेयर बाजार की धारणा प्रभावित हुई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स की शुरुआत कमजोर रही। अंत में यह 36.22 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 79,960.38 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 264.77 अंक तक नीचे चला गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 3.30 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की नाममात्र गिरावट के साथ 24,320.55 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में टाइटन, अडाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फिनसर्व के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टाटा मोटर्स के शेयरों में बढ़त का रुख रहा।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘मौजूदा उच्च मूल्यांकन के समर्थन में कोई ठोस संकेत न होने से बाजार सुधार के चरण में है। इससे निवेशकों ने कुछ मुनाफावसूली की। कंपनियों के तिमाही परिणाम आने वाले हैं और इसको लेकर जो उम्मीद है, वह भी हल्की है।’’
छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.22 प्रतिशत नीचे आया जबकि मझोली कंपनियों के शेयरों का सूचकांक 0.14 प्रतिशत टूटा।
मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘किसी ठोस संकेत के अभाव में बाजार दिन के कारोबार के दौरान सीमित दायरे में रहा तथा बैंक, दूरसंचार और रियल्टी शेयरों में मुनाफावसूली से मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। एशिया के अन्य बाजारों में कमजोर रुख से भी धारणा प्रभावित हुई। शेयरों का अधिक मूल्यांकन होने से निवेशक कुछ समय के लिए सतर्क रुख अपना सकते हैं।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार सकारात्मक दायरे में रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को लाभ में रहे थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85.70 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 1,241.33 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में एनएसई निफ्टी शुक्रवार को 21.70 अंक की बढ़त के साथ नये शिखर 24,323.85 अंक पर बंद हुआ था। हालांकि, सेंसेक्स 53.07 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79,996.60 अंक पर बंद हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2024 06:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

