जरुरी जानकारी | एचडीएफसी बैंक के शेयर में गिरावट से सेंसेक्स 314 अंक और लुढ़का
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 314 अंक लुढ़क गया। एचडीएफसी बैंक में लगातार बिकवाली और टिकाऊ उपभोक्ता सामान बनाने वाली तथा बिजली कंपनियों के शेयरों में बिक्री से बाजार नीचे आया।
मुंबई, 18 जनवरी स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 314 अंक लुढ़क गया। एचडीएफसी बैंक में लगातार बिकवाली और टिकाऊ उपभोक्ता सामान बनाने वाली तथा बिजली कंपनियों के शेयरों में बिक्री से बाजार नीचे आया।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 313.90 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,186.86 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 835.26 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 109.70 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 21,462.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 286.4 अंक तक गिर गया था।
हाल की तेजी के बाद बाजार में यह गिरावट आई है। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को रिकॉर्ड 73,427.59 अंक पर और निफ्टी 22,124.15 अंक तक चला गया था।
तीन दिन में सेंसेक्स 2,141 अंक यानी तीन प्रतिशत नीचे आया है, जबकि निफ्टी 635 अंक यानी 2.89 प्रतिशत टूटा है।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स, पावरग्रिड, टाइटन, इंडसइंड बैंक, नेस्ले और मारुति प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
एचडीएफसी बैंक में गिरावट का सिलसिला जारी रहा तथा इसमें 3.26 प्रतिशत की और गिरावट आई। बुधवार को इसमें आठ प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई थी। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही का वित्तीय परिणाम बाजार उम्मीद के अनुरूप नहीं होने से बैंक का शेयर टूटा है।
सेंसेक्स में कुल गिरावट में अकेले एचडीएफसी बैंक का योगदान 305 अंक रहा।
हालांकि, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और लार्सन एंड टुब्रो में लाभ से गिरावट पर कुछ अंकुश लगा।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘मानक सूचकांक दिन के निचले स्तर से ऊपर आये। हालांकि, अंत में वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच गिरावट के साथ बंद हुए। इसका कारण निवेशक अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के तेजी से नीतिगत दर में कमी को लेकर आशंकित हैं। अमेरिका में खुदरा बिक्री के मजबूत आंकड़े हुए हैं और वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल बढ़ा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा कच्चे तेल के दाम चढ़े हैं। मुनाफावसूली और अधिक मूल्यांकन के कारण अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले सूचकांकों (मिडकैप और स्मॉलकैप) में बिकवाली दबाव बना हुआ है...।’’
मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक क्रमश: 0.08 प्रतिशत और 0.02 प्रतिशत नीचे आये।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की नुकसान में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को नुकसान में रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 10,578.13 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.50 प्रतिशत चढ़कर 78.27 डॉलर प्रति बैरल रहा।
सेंसेक्स बुधवार को 1,628.01 और निफ्टी 460.35 अंक टूटा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 18, 2024 05:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

