जरुरी जानकारी | टाटा मोटर्स, रिलायंस में मुनाफावसूली से सेंसेक्स 398 अंक टूटा, निफ्टी 25,000 अंक के नीचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में दो दिन से जारी तेजी पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स करीब 400 अंक लुढ़क गया। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली टाटा मोटर्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एलएंडटी में बिकवाली दबाव से बाजार नीचे आया।
मुंबई, 11 सितंबर स्थानीय शेयर बाजारों में दो दिन से जारी तेजी पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स करीब 400 अंक लुढ़क गया। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली टाटा मोटर्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एलएंडटी में बिकवाली दबाव से बाजार नीचे आया।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 398.13 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,523.16 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स बढ़त के साथ खुला और कारोबार के दौरान उच्चतम स्तर 82,134.95 अंक तक गया। हालांकि, कारोबार समाप्ति से पहले बिकवाली दबाव आया और सूचकांक 498.15 अंक नीचे आ गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 122.65 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,918.45 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में टाटा मोटर्स को सबसे ज्यादा करीब छह प्रतिशत का नुकसान हुआ। इसके अलावा एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और टाइटन प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और बजाज फिनसर्व शामिल हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘चीनी अर्थव्यवस्था में नरमी से बाजार धारणा सतर्क बनी हुई है। निवेशकों को अमेरिका में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक और घरेलू मुद्रास्फीति आंकड़े जारी होने का इंतजार है।’’
छोटी कंपनियों के शेयरों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.57 प्रतिशत नीचे आया जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित सूचकांक बीएसई मिडकैप 0.52 प्रतिशत नीचे आया।’’
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। बाजार सीमित दायरे में बना हुआ है और इसमें करीब आधा प्रतिशत की गिरावट आई।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार के दौरान तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को लाभ में रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 2,208.23 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.49 प्रतिशत की बढ़त के साथ 70.22 डॉलर प्रति बैरल रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 11, 2024 06:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

