जरुरी जानकारी | एचडीएफसी बैंक, रिलायंस में बिकवाली से सेंसेक्स 384 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 384 अंक टूट गया। शेयरों का मूल्यांकन ऊंचा होने को लेकर चिंता के बीच एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
मुंबई, सात मई स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 384 अंक टूट गया। शेयरों का मूल्यांकन ऊंचा होने को लेकर चिंता के बीच एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक में बिकवाली से बाजार नीचे आया।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 383.69 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,511.85 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 636.28 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 140.20 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,302.50 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, एनटीपीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ हिंदुस्तान यूनिलीवर पांच प्रतिशत से अधिक चढ़ गया। लाभ में रहने वाले अन्य शेयरों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा, नेस्ले, आईटीसी, विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और कोटक महिंद्रा बैंक शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट सोमवार को लाभ में रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.23 प्रतिशत मजबूत होकर 83.51 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,168.75 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 17.39 अंक की मामूली बढ़त में रहा था जबकि एनएसई निफ्टी में 33.15 अंक की गिरावट दर्ज हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2024 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

