जरुरी जानकारी | कमजोर वैश्विक रुख से सेंसेक्स 200 अंक टूटा, निफ्टी में 14 दिन से जारी तेजी पर विराम
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 202 अंक से अधिक के नुकसान में रहा। एनएसई निफ्टी में भी 14 दिन से जारी तेजी पर विराम लगा और यह 81 अंक टूटा।
मुंबई, चार सितंबर स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 202 अंक से अधिक के नुकसान में रहा। एनएसई निफ्टी में भी 14 दिन से जारी तेजी पर विराम लगा और यह 81 अंक टूटा।
अमेरिकी बाजार में नरमी की आशंका को लेकर वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच सूचना प्रौद्योगिकी, बैंक और धातु शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार में गिरावट रही।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 202.80 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,352.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 721.75 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 81.15 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,198.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 196.05 अंक टूट गया था।
इससे पहले, लगातार 14 दिन की तेजी में निफ्टी 1,141 अंक यानी 4.59 प्रतिशत चढ़ा था।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिका में विनिर्माण के कमजोर आंकड़ों से वहां की अर्थव्यवस्था में चिंता बढ़ी है। इसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा है। घरेलू स्तर पर ठोस संकेतक के अभाव में बाजार पर वैश्विक रुख का असर देखने को मिलेगा।’’
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस और अदाणी पोर्ट्स में प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख से बाजार लगभग आधा प्रतिशत नीचे आया। अमेरिकी बाजारों में गिरावट के बाद एशिया के अन्य बाजारों की तरह निफ्टी नुकसान के साथ खुला। हालांकि, बाद में कारोबार के दौरान बाजार में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले प्रमुख शेयरों में चुनिंदा लिवाली से काफी हद तक नुकसान की भरपाई हुई।’’
मझोली कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई मिडकैप 0.15 प्रतिशत नीचे आया जबकि छोटी कंपनियों के शेयरों से जुड़ा स्मॉलकैप सूचकांक 0.26 प्रतिशत चढ़ा।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी कारोबार के दौरान गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,029.25 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73.65 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 04, 2024 06:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

