जरुरी जानकारी | चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्स 1,064 अंक टूटा, निफ्टी 24,500 अंक के नीचे फिसला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 1,064 अंक लुढ़क गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 24,500 अंक से नीचे आ गया। अमेरिका में फेडरल रिजर्व के प्रमुख ब्याज दर पर निर्णय से पहले निवेशकों के सतर्क रुख के बीच चौरतरफा बिकवाली से बाजार नीचे आया।
मुंबई, 17 दिसंबर स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 1,064 अंक लुढ़क गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 24,500 अंक से नीचे आ गया। अमेरिका में फेडरल रिजर्व के प्रमुख ब्याज दर पर निर्णय से पहले निवेशकों के सतर्क रुख के बीच चौरतरफा बिकवाली से बाजार नीचे आया।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,064.12 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,684.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,136.37 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 332.25 अंक यानी 1.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,336 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल तीस शेयरों में सभी नुकसान में रहे। भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एशियन पेंट्स, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट आई।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में ज्यादातर में गिरावट रही। अमेरिकी बाजार में सोमवार को गिरावट रही।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व, बैंक ऑफ जापान और बैंक ऑफ इंग्लैंड के प्रमुख ब्याज दर पर निर्णय से पहले निराशा का माहौल रहा। बाजार पहले ही नीतिगत दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती को मानकर चल रहा है। हालांकि, वह किसी प्रकार के आक्रामक रुख को लेकर सतर्क भी है। बैंक ऑफ जापान और बैंक ऑफ इंग्लैंड के नीतिगत दर को यथावत रखने की संभावना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ डॉलर के मुकाबले रुपये के अबतक के निचले स्तर पर आने और ऊंचे व्यापार घाटे से भी बाजार पर दबाव रहा।’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 278.70 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73.58 डॉलर प्रति बैरल रहा।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 384.55 अंक टूटा था जबकि एनएसई निफ्टी में 100.05 अंक की गिरावट आई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 17, 2024 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

