एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से सेंसेक्स 823 अंक लुढ़का, निफ्टी 25,000 अंक से नीचे फिसला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 823 अंक लुढ़क गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 25,000 अंक के स्तर से नीचे आ गया। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के साथ बाजार नुकसान में रहा।

जरुरी जानकारी | पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से सेंसेक्स 823 अंक लुढ़का, निफ्टी 25,000 अंक से नीचे फिसला

मुंबई, 12 जून स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 823 अंक लुढ़क गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 25,000 अंक के स्तर से नीचे आ गया। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के साथ बाजार नुकसान में रहा।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 823.16 अंक यानी एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,691.98 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 991.98 अंक तक गोता लगा गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 253.20 अंक यानी 1.01 प्रतिशत टूटकर 24,888.20 अंक पर बंद हुआ।

कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा मोटर्स, टाइटन, इटर्नल (पूर्व में जोमैटो), पावर ग्रिड, टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा शामिल हैं।

एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में रहे, जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा। बुधवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘...मूल्यांकन संबंधी चिंताएं और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका कई प्रमुख व्यापार साझेदारों पर एकतरफा शुल्क वृद्धि पर विचार कर रहा है। इससे भी अनिश्चितता बढ़ने की आशंका है। इस बारे में निर्णय अगले एक से दो सप्ताह के भीतर होने की संभावना है।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 446.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.43 प्रतिशत टूटकर 68.77 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 123.42 अंक के लाभ में रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 37.15 की तेजी रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 12, 2025 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).