कच्चे तेल के दाम रसातल में पहुंच जाने से सेंसेक्स 1,011 अंक लुढ़का
तीस शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 30,378.26 अंक तकनीचे चला गया। पर अंत में यह पिछले दिन के बंद के मुकाबले 1,011.29 अंक यानी 3.20 प्रतिशत नीचे रहकर 30,636.71 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई, 21 अप्रैल बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स मंगलवार को 1,011 अंक से अधिक का गोता लगा गया। बैंक, आईटी तथा वाहन कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली देखी गयी। कोरोना वायरस संकट का दबाव झेल रहे बाजार पर अब कच्चे तेल के दाम एतिहासिक रूप से नीचे जाने का असर हुआ है।
तीस शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 30,378.26 अंक तकनीचे चला गया। पर अंत में यह पिछले दिन के बंद के मुकाबले 1,011.29 अंक यानी 3.20 प्रतिशत नीचे रहकर 30,636.71 अंक पर बंद हुआ।
इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 280.40 अंक यानी 3.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,981.45 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में इंडसइंड बैंक सबसे ज्यादा नुकसान में रहा। इसमें 12 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आयी। उसके बाद बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, ओएनजीसी और मारुति का स्थान रहा।
वहीं, दूसरी तरफ भारती एयरटेल, हीरो मोटो कार्प और नेस्ले इंडिया लाभ में रहे।
कारोबारियों के अनुसार कच्चे तेल के दाम के रसातल में चले जाने के साथ वैश्विक बाजारों में गिरावट का असर घरेलू बाजारों पर भी पड़ा।
अमेरिकी मानक वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट का भाव मई डिलिवरी के लिये कुछ सुधरकर 1.10 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
तेल रखने की जगह कम होने के कारण मई डिलिवरी के लिये डब्ल्यूटीआई का भाव मंगलवार को वायदा अनुबंध बंद होने से पहले एक समय शून्य से नीचे 37.63 डॉलर प्रति बैरल तक लुढ़क गया था। यानी माल उठाने के लिये पैसे देकर भी तेल खरीदार नहीं मिल रहा था।
ब्रेंट क्रड का जून डिलिवरी भाव 20.30 प्रतिशत टूटकर 20.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
अमेरिकी तेल के दाम रसातल में पहुंच जाने और कोई खरीदार नहीं होने से वाल स्ट्रीट में जोरदार गिरावट आयी।
एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, हांगकांग, तोक्यो और सोल भारी नुकसान के साथ बंद हुए।
शुरूआती कारोबार में यूरोप के प्रमुख बाजारों में 2 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गयी।
इसके अलावा कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर भी निवेशक चिंतित हैं और बाजार से दूर हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 18,601 तक पहुंच गई है। जबकि मरने वालों की संख्या बढ़कर 590 हो गयी है।
वैश्विक स्तर पर संक्रमित लोगों का आंकड़ा 24.7 लाख को पार कर गया है जबकि 1.70 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2020 05:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

