जरुरी जानकारी | चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्स ने 1,258 अंक का गोता लगाया, निफ्टी 23,700 अंक से नीचे फिसला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 1,258 अंक का गोता लगा गया। एनएसई निफ्टी भी लुढ़क कर 23,700 अंक के नीचे आ गया। कंपनियों के तीसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम को लेकर चिंता और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी के बीच चौतरफा लिवाली से बाजार नुकसान में रहा।
मुंबई, छह जनवरी स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 1,258 अंक का गोता लगा गया। एनएसई निफ्टी भी लुढ़क कर 23,700 अंक के नीचे आ गया। कंपनियों के तीसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम को लेकर चिंता और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की पूंजी निकासी के बीच चौतरफा लिवाली से बाजार नुकसान में रहा।
कारोबारियों के अनुसार, इसके अलावा नये एचएमपी वायरस को लेकर चिंता, रुपये की विनिमय दर में गिरावट तथा एशिया के अन्य बाजारों में कमजोर रुख से भी धारणा पर असर पड़ा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,258.12 अंक यानी 1.59 प्रतिशत का गोता लगाकर 78,000 अंक के नीचे 77,964.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 1,441.49 अंक तक लुढ़क गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 388.70 अंक यानी 1.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,616.05 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल तीस शेयरों में टाटा स्टील, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, पावरग्रिड, जोमैटो, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और रिलांयस इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
केवल दो शेयर टाइटन और सन फार्मा लाभ में रहे।
स्वस्तिका इनवेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजार में सोमवार को जोरदार गिरावट आई। निफ्टी और बैंक निफ्टी दोनों अपने 200 ‘डे मूविंग एवरेज’ (डीएमए) से नीचे आ गए। बिकवाली का कारण विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी और तीसरी तिमाही के परिणामों को लेकर चिंता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, नये एचएमपी वायरस ने भी बाजार धारणा को कमजोर किया। इससे हाल की कुछ तेजी के बाद नये सिरे से बिकवाली हुई। ’’
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 4,227.25 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त में रहे थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.32 डॉलर प्रति बैरल रहा।
बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 720.60 अंक टूटा था जबकि एनएसई निफ्टी में 183.90 अंक की गिरावट आई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 06, 2025 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

