एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | तेजी के दौर में सेंसेक्स पहली बार 67,000 अंक के पार बंद, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला बुधवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 302 अंक से अधिक चढ़कर अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने तथा वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख से बाजार में तेजी रही।

जरुरी जानकारी | तेजी के दौर में सेंसेक्स पहली बार 67,000 अंक के पार बंद, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

मुंबई, 19 जुलाई घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला बुधवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 302 अंक से अधिक चढ़कर अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी प्रवाह जारी रहने तथा वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख से बाजार में तेजी रही।

कारोबारियों के अनुसार, सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईटीसी में लिवाली से बाजार बढ़त में रहा।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 302.30 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की तेजी के साथ नये रिकॉर्ड स्तर 67,097.44 अंक पर बंद हुआ। यह पहली बार है जब सेंसेक्स 67,000 अंक के पार बंद हुआ है। कारोबार के दौरान यह 376.24 अंक की तेजी के साथ अबतक के उच्चतम स्तर 67,171.38 अंक पर भी पहुंच गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 83.90 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ नये शिखर 19,833.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 102.45 अंक चढ़कर 19,851.70 अंक तक चला गया था।

सेंसेक्स के शेयरों में एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा मोटर्स, आईटीसी, पावर ग्रिड और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहें।

इंडसइंड बैंक का वित्तीय परिणाम आने के बाद बैंक का शेयर दो प्रतिशत चढ़ गया। बैंक ने मंगलवार को कहा कि मुख्य रूप से आय बढ़ने और फंसे कर्ज के एवज में प्रावधान कम होने से उसका एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 30 प्रतिशत उछलकर 2,124.50 करोड़ रुपये रहा।

दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल, मारुति, हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, ‘‘बाजार सीमित दायरे में रहा लेकिन तेजी का सिलसिला बरकरार रखते हुए अंत में दिन के उच्च स्तर पर बंद हुआ...अमेरिका में सकारात्मक रुख के साथ विभिन्न क्षेत्रों में लिवाली से सूचकांक हर दिन नई ऊंचाई की ओर बढ़ रहा है।’’

बीएसई मिडकैप (मझोली कंपनियों के शेयरों का सूचकांक) और स्मॉलकैप (छोटी कंपनियों के शेयरों का सूचकांक) क्रमश: 0.63 प्रतिशत और 0.61 प्रतिशत मजबूत हुए।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली बनी हुई है। उन्होंने मंगलवार को 2,115.84 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बाजार के उच्चस्तर पर पहुंचने के बाद भी घरेलू निवेशकों का भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर भरोसा बरकरार है। बाजार में चौतरफा तेजी है। इसका कारण घरेलू स्तर पर वृहद आर्थिक आंकड़े बेहतर होना तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का लगातार पूंजी प्रवाह है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, शुरू में कुछ मुनाफावसूली हुई लेकिन बाद में वाहन और आईटी को छोड़कर अन्य प्रमुख शेयरों में लिवाली से बाजार चढ़ा। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर महंगाई में नरमी की उम्मीद में दुनिया के अन्य बाजारों में तेजी से घरेलू बाजार को समर्थन मिल रहा है।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त में रहे थे।

एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने चालू वित्त वर्ष (2023-24) के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को 6.4 प्रतिशत और अगले वित्त वर्ष के लिये 6.7 प्रतिशत पर कायम रखा है। एडीबी ने कहा कि मजबूत घरेलू मांग क्षेत्र में पुनरुद्धार को समर्थन देगी।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.60 प्रतिशत चढ़कर 80.11 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2023 06:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).