एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 443 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों में मिलेजुले रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 443 अंक चढ़कर बंद हुआ। सूचना प्रौद्योगिकी और बैंक शेयरों में लाभ के साथ बाजार में तेजी रही।

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 443 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

मुंबई, 23 जून वैश्विक बाजारों में मिलेजुले रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 443 अंक चढ़कर बंद हुआ। सूचना प्रौद्योगिकी और बैंक शेयरों में लाभ के साथ बाजार में तेजी रही।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 443.19 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,265.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान मानक सूचकांक 694.26 अंक तक चढ़ गया था।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 143.35 अंक यानी 0.93 प्रतिशत चढ़कर 15,556.65 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स शेयरों में मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल, टीसीएस, सन फार्मा, विप्रो, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

वहीं दूसरी तरफ रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक और चीन का शंघाई कंपोजिट में मजबूती रही जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर के कारोबार के दौरान गिरावट रही। अमेरिकी शेयर बाजार भी मंगलवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।

आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के इक्विटी शोध प्रमुख नरेंद्र सोलंकी ने कहा, ‘‘चीन बाजार में तेजी के साथ ज्यादातर एशियाई बाजारों में सकारात्मक रख रहा। इससे घरेलू शेयर बाजार पर सकरात्मक असर पड़ा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि यूरोपीय बाजारों में मंदी की आशंकाओं के कारण गिरावट से घरेलू बाजार पर कुछ प्रतिकूल असर पड़ा लेकिन अंत में बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ।’’

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.92 प्रतिशत गिरकर 109.60 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक लगातार पूंजी बाजार से निकासी कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को 2,920.61 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2022 04:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).