जरुरी जानकारी | व्यापार युद्ध की आशंकाओं, कमजोर वैश्विक रुझानों के चलते सेंसेक्स 319 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अपने कुछ व्यापारिक साझेदारों पर शुल्क लगाने और कमजोर वैश्विक रुझानों को देखते हुए प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
मुंबई, तीन फरवरी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अपने कुछ व्यापारिक साझेदारों पर शुल्क लगाने और कमजोर वैश्विक रुझानों को देखते हुए प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 319.22 अंक या 0.41 प्रतिशत गिरकर 77,186.74 पर बंद हुआ। इसके साथ ही सेंसेक्स में पांच कारोबारी दिनों से जारी तेजी थम गई। कारोबार के दौरान यह 749.87 अंक या 0.96 प्रतिशत गिरकर 76,756.09 पर आ गया था।
एनएसई निफ्टी 121.10 अंक या 0.52 प्रतिशत गिरकर 23,361.05 पर आ गया। सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टूब्रो, टाटा मोटर्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, आईटीसी, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज में उल्लेखनीय गिरावट हुई।
दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल और मारुति में बढ़त हुई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग में भारी गिरावट हुई। यूरोप के बाजारों में भी भारी गिरावट देखी गई। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरकर बंद हुए थे।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ''ट्रंप के चीन, मेक्सिको और कनाडा पर शुल्क लगाने की घोषणा के बाद वैश्विक इक्विटी बाजारों में गिरावट ने भारतीय बाजारों को भी प्रभावित किया। इसके अलावा, रुपये में तेज गिरावट से विदेशी निवेशकों की निकासी जारी रहने की आशंका बढ़ गई।''
अमेरिका में कनाडा और मेक्सिको से ज्यादातर आयातों पर 25 प्रतिशत शुल्क और चीन से आने वाले सामानों पर 10 प्रतिशत शुल्क मंगलवार से प्रभावी होगा।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि व्यापार युद्ध की शुरुआत से वैश्विक बाजार अस्थिर हो गया, क्योंकि अमेरिका और दूसरे देशों के बीच शुल्क को लेकर संघर्ष से कोई आर्थिक लाभ मिलने की संभावना नहीं है। इसके बजाय, यह वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए चुनौतियां पैदा कर सकता है और वैश्विक वित्तीय जोखिम बढ़ सकते हैं।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.15 प्रतिशत उछलकर 76.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शनिवार को 1,327.09 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 03, 2025 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

