देश की खबरें | कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि राष्ट्र के लिए उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
बेलगावी, 27 दिसंबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि राष्ट्र के लिए उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
भारत में आर्थिक सुधारों के जनक मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे।
पार्टी के वरिष्ठ नेता कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेने के लिए बेलगावी आए थे। सिंह के निधन के बाद अधिवेशन रद्द होने के कारण वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
यह सम्मेलन बेलगावी में हुए कांग्रेस अधिवेशन की शताब्दी मनाने के लिए आयोजित किया गया था, जिसकी अध्यक्षता महात्मा गांधी ने 26 और 27 दिसंबर 1924 को की थी।
बेलगावी हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया और याद किया कि वे चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय में पड़ोसी थे।
उन्होंने कहा, "वह (सिंह) मुझे लगभग उसी दिन से जानते थे, जिस दिन मैंने इस दुनिया में अपनी आंखें खोली थीं। मुझे उनकी सरकार में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री के रूप में सेवा करने का सौभाग्य मिला। वह एक सज्जन, महान बुद्धिजीवी और बहुत दृढ़ विश्वास वाले व्यक्ति थे।"
तिवारी ने कहा कि सिंह ने 1991 के आर्थिक उदारीकरण के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था के दरवाजे लाखों युवाओं के लिए खोल दिए।
उन्होंने कहा, "मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले और हम सभी उनसे प्रेरणा लेते रहें।"
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी सिंह के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वह उन्हें एक ऐसे व्यक्ति के रूप में याद करते हैं, जिन्होंने हमेशा अपने देश को सर्वोपरि रखा।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, "मनमोहन सिंह भारत के महान सपूत थे। प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और आरबीआई गवर्नर के रूप में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। मुझे उनके मंत्रिमंडल में काम करने का सौभाग्य और सम्मान मिला। वह ऐसे व्यक्ति थे जो राष्ट्र को सर्वोपरि मानते थे।"
उन्होंने कहा कि सिंह ने देश के लिए जो भी सुधार किए हैं, उन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उनकी सबसे अच्छी खूबी ईमानदारी, विनम्रता और विश्वसनीयता थीं।
पायलट ने कहा, " मैं उनके परिवार, उनके प्रशंसकों, भारत और दुनिया भर में उनके समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में भारत उनके दिखाए रास्ते पर चल सकेगा।"
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया और याद किया कि वह उन्हें कई वर्षों से जानते थे, जब वे संयुक्त राष्ट्र में काम करते थे।
उन्होंने कहा, "उनके (सिंह के) प्रधानमंत्री बनने के बाद हमारे बीच बहुत करीबी संबंध थे। वह ही थे जो मुझे सोनिया गांधी के साथ राजनीति में लेकर आए थे। यह बहुत दुखद है कि वह हमें छोड़कर चले गए।"
थरूर ने याद दिलाया कि किस प्रकार सिंह ने अपने सुधारों के माध्यम से देश के आर्थिक संकट को संभाला था। उन्होंने कहा कि जब अन्य देश परेशानियों का सामना कर रहे थे, तब सिंह के नेतृत्व में भारत मजबूती से बेहतर काम कर रहा था।
राष्ट्र की बेहतरी के लिए इतने अच्छे बदलाव लाने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री को देते हुए उन्होंने सिंह को बड़े दिल वाले एक विनम्र व्यक्ति के रूप में याद किया, जिन्होंने बड़ी करुणा के साथ काम किया।
तिवारी, थरूर और पायलट के अलावा कई कांग्रेस नेता हवाई अड्डे पर दिल्ली वापस जाते देखे गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 27, 2024 11:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

