जरुरी जानकारी | सेकी ने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में 14 साल में 60 गीगावाट के बिजली खरीद समझौते क्रियान्वित किये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सेकी) ने 14 साल में 60 गीगावाट से अधिक की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के बिजली बिक्री समझौतों को क्रियान्वित करने की उपलब्धि हासिल की है।
नयी दिल्ली, एक जुलाई सार्वजनिक क्षेत्र की सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सेकी) ने 14 साल में 60 गीगावाट से अधिक की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के बिजली बिक्री समझौतों को क्रियान्वित करने की उपलब्धि हासिल की है।
सेकी ने मंगलवार को बयान में कहा कि बिजली बिक्री समझौतों (पीएसए) में सौर, पवन और हाइब्रिड ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं। यह सामूहिक रूप से भारत की बढ़ती नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इन समझौतों के माध्यम से, सेकी उत्पादित बिजली की दीर्घकालिक खरीद की गारंटी देती है। इससे कंपनियों और निवेशकों को भुगतान को लेकर एक सुरक्षा मिलती है।
बयान के अनुसार, भारत के हरित ऊर्जा क्षेत्र की पूरी क्षमता को सामने लाने के लिए ऐसी दीर्घकालिक व्यवस्था महत्वपूर्ण है।
सेकी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक संतोष कुमार सारंगी ने कहा, ‘‘स्थापना के मात्र 14 साल के भीतर 60 गीगावाट के बिजली बिक्री समझौतों पर हस्ताक्षर करना संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। इसके साथ सेकी यह सुनिश्चित कर रही है कि भारत अपने महत्वाकांक्षी स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सही रास्ते पर बना रहे। हमें एक स्थायी और कम कार्बन वाले भविष्य की ओर देश में बदलाव में योगदान करने पर गर्व है।’’
कंपनी ने कहा कि इसकी भविष्य की पहल अभिनव ऊर्जा भंडारण समाधान, नवीकरणीय ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने, हरित हाइड्रोजन और हरित अमोनिया के उत्पादन को आगे बढ़ाने के साथ-साथ अनूठी बिजली आपूर्ति मॉडल पर केंद्रित होगी।
सेकी ने कहा कि ये प्रयास नवीकरणीय ऊर्जा बदलाव को गति देंगे और भारत की जलवायु प्रतिबद्धताओं का समर्थन करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 07:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

