मथुरा (उप्र), पांच अप्रैल गोरखपुर में नाथ संप्रदाय की सर्वोच्च गोरक्षपीठ के गोरखनाथ मंदिर में कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक युवक द्वारा सुरक्षाकर्मियों पर हमले के बाद मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर समेत धर्म स्थलों की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस बीच, अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) विनोद कुमार सिंह ने मंगलवार को मथुरा पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर का मुआयना कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में रविवार शाम को एक युवक द्वारा धारदार हथियार से पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने के बाद श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ के महंत भी हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गोरखनाथ मंदिर की घटना के बाद राज्य सरकार ने राज्य के अति संवेदनशील धर्म स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को पहले से भी ज्यादा चाक-चौबंद रखने एवं किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर राज्य सरकार द्वारा राज्य के अति संवेदनशील धर्मस्थलों एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों के लिए गठित की गई उच्च स्तरीय सुरक्षा समिति की मंगलवार को हुई बैठक में एडीजी (सुरक्षा) विनोद कुमार सिंह ने सुरक्षा की समीक्षा की। इससे पहले उन्होंने जन्मस्थान परिसर में स्थित सभी मंदिरों एवं शाही ईदगाह का भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लिया।
एडीजी ने बाद में पत्रकारों से कहा कि वे वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट हैं और दोनों धर्म स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए हर संभव व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को हर स्थिति-परिस्थिति में सजग रहने के निर्देश दिये।
सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में मंदिरों की सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा एवं इस सिलसिले में मंदिरों का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्था दुरुस्त है और हर स्थिति को अच्छी तरह से संभाला जा रहा है, फिर भी जरूरत पड़ने पर चुनौतियों को देखते हुए सुरक्षा योजना में संशोधन किया जाएगा।
गोरखपुर की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जो सुरक्षा व्यवस्था चल रही है और जो शासन से अनुमोदित है, उसी के अनुसार अभी सुरक्षा व्यवस्था जारी है, लेकिन अगर सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत पड़ती है तो चुनौतियों को देखते हुए उस पर भी विचार किया जाएगा।
इससे पहले आगरा परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नचिकेता झा ने सोमवार की देर शाम मथुरा पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर मंदिर एवं शाही ईदगाह की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया था और छोटी से छोटी कमी को दूर करने के निर्देश दिये थे।
झा ने परिसर के उत्तर में स्थित गोविंद नगर गेट से प्रवेश किया और ठा. केशव देव, गर्भगृह, भागवत भवन, आवासीय गेट, मुख्यद्वार, पार्किंग आदि का निरीक्षण किया। इन स्थलों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से पूरी जानकारी ली और उनकी समस्या भी जानी। इसके बाद आईजी ने ईदगाह की सुरक्षा को भी परखा।
आईजी के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गौरव ग्रोवर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, सीआरपीएफ के कमांडेण्ट (द्वितीय) विशाल सिंह, एसपी (सुरक्षा) आनंद कुमार आदि सुरक्षा से जुड़े सभी अधिकारी मौजूद रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY