एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उधमपुर में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया, तीन आतंकी अब भी घिरे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर में उधमपुर जिले के एक वन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी को मार गिराया जबकि तीन अन्य आतंकी अब भी घिरे हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | उधमपुर में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया, तीन आतंकी अब भी घिरे

जम्मू, 26 जून जम्मू कश्मीर में उधमपुर जिले के एक वन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी को मार गिराया जबकि तीन अन्य आतंकी अब भी घिरे हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

चार आतंकवादियों के इस समूह की पिछले एक वर्ष से तलाश की जा रही थी।

अधिकारियों ने बताया कि सेना और पुलिस के एक संयुक्त खोज दल ने बृहस्पतिवार सुबह जिले में बसंतगढ़ के सुदूर बिहाली इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके दौरान मुठभेड़ शुरू हुई।

उन्होंने बताया कि इलाके में अतिरिक्त बलों को भेजा गया है और खराब मौसम के बावजूद व्यापक तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

रक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया, “भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अभियान में अब तक एक आतंकवादी को मार गिराया गया है। अभियान अभी जारी है।”

उन्होंने बताया, “‘ऑपरेशन बिहाली’ कोड नाम वाला यह अभियान ऐसे वक्त में शुरू किया गया है जब एक सप्ताह बाद कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुरू होगी।”

जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं को बताया, ‘‘आतंकवादियों का सुबह करीब साढ़े आठ बजे पता चला...माना जा रहा है कि उनकी संख्या चार है और हम इस समूह को पिछले एक साल से ढूंढ रहे थे।’’

उन्होंने बताया कि कोहरा होने के बावजूद तलाश अभियान जारी है और मौसम में सुधार होने के बाद ही असल स्थिति का पता चलेगा।

अधिकारियों ने बताया कि जिन आतंकवादियों को घेरा गया है, वे पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य हैं और सेना के पैरा कमांडो की अगुवाई में संयुक्त तलाश दल ने करूर नाला के पास उन्हें छिपे हुए पाया।

इससे पहले, सुबह जम्मू स्थित सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘एक सटीक सूचना के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने बसंतगढ़ के बिहाली इलाके में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। आतंकवादियों से सामना हुआ। अभियान अभी जारी है।’’

अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद बुधवार देर रात सांबा जिले के पुरमंडल इलाके में तलाश अभियान चलाया था। हालांकि, कुछ भी बरामद न होने के बाद अभियान शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 26, 2025 07:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).