एजेंसी न्यूज

दस करोड़ जनधन महिला खाताधारकों के खाते में 500 रुपये की दूसरी किस्त डाली गई

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मार्च अंत में प्रधानमंत्री जनधन योजना (पीएमजेडीवाई) के तहत आने वाली सभी महिला खाताधारकों को तीन महीने तक हर महीने 500 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। यह राशि 1.7 लाख करोड़ रुपये के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज का हिस्सा है।

दस करोड़ जनधन महिला खाताधारकों के खाते में 500 रुपये की दूसरी किस्त डाली गई
जमात

नयी दिल्ली, पांच मई सरकार ने प्रधानमंत्री जनधन योजना की महिला खाताधारकों के खाते में 500 रुपये की दूसरी किस्त डालना शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार अब तक ऐसी 10 करोड़ से अधिक जनधन महिला खाताधारकों के खाते में मई माह की दूसरी किस्त अंतरित की जा चुकी है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मार्च अंत में प्रधानमंत्री जनधन योजना (पीएमजेडीवाई) के तहत आने वाली सभी महिला खाताधारकों को तीन महीने तक हर महीने 500 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी। यह राशि 1.7 लाख करोड़ रुपये के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज का हिस्सा है।

सरकार ने कोरोना वायरस महामारी से उत्पन्न आर्थिक संकट के बीच इस पैकेज की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद ग्रामीण विकास मंत्रालय ने अप्रैल 2020 में 500 रुपये की पहली किस्त जारी कर दी थी।

सरकार के इस पैकेज में जनधन खाताधारक महिलाओं को तीन महीने तक हर माह 500 रुपये की सहायता के अलावा गरीबों को मुफ्त अनाज, दाल और खाने पकाने के गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी शामिल है। किसानों, बुजुर्गों को भी योजना के तहत नकद सहायता उपलब्ध कराई गई ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें कुछ मदद मिल सके।

जनधन महिला खाताधारकों के खाते में यह राशि पांच दिन की अवधि में अंतरित की जायेगी ताकि बैंक शाखाओं में एक ही दिन में भीड़ नहीं हो। पहली किस्त डालते समय भी यही तरीका अपनाया गया था। ऐसा बैंकों में भीड़ भाड़ कम रखने और लोगों के बीच शारीरिक दूरी के नियम को बनाये रखने के लिये किया गया।

सूत्रों ने बताया कि वितरण के पहले दो दिन में 500 रुपये की दूसरी किस्त को पहचाने गये करीब 50 प्रतिशत खातों में अंतरित किया जा चुका है। तय समयसारिणी के मुताबिक जिन जनधन महिला खाताधारकों के खाता नंबर का आखिरी अंक 0 और 1 है उनके खाते में चार मई को राशि डाली जा चुकी है, वहीं आखिर में दो और तीन अंक वाले खाताधारकों के खाते में पांच मई को यह किस्त जारी की जा चुकी है।

इसके बाद 4 और 5 आखिरी अंक वाले लाभार्थियों के खाते में 6 मई को और जिन खाताधारकों के खाते की आखिरी संख्या 6 और 7 होगी उनके खाते में आठ मई को यह किस्त अंतरित की जायेगी। उसके बाद 8 और 9 अंक वाले खाताधारकों के खाते में 11 मई को 500 रुपये की दूसरी किस्त डाल दी जायेगी। सात मई को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 11:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).