देश की खबरें | दुबई में फंसे भारतीयों को लेकर दूसरी चार्टर्ड उड़ान बुधवार को कोलकाता पहुंचेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कोविड-19 महामारी की वजह से दुबई में फंसे 130 यात्रियों को लेकर दूसरी चार्टर्ड उड़ान बुधवार को यहां पहुंचेगी।
कोलकाता, 18 अगस्त कोविड-19 महामारी की वजह से दुबई में फंसे 130 यात्रियों को लेकर दूसरी चार्टर्ड उड़ान बुधवार को यहां पहुंचेगी।
प्रायोजकों ने बताया कि इंडिगो की उड़ान बुधवार की सुबह दुबई हवाईअड्डे से रवाना होगी और दोपहर बाद कोलकाता पहुंचेगी।
सेंट जेवियर्स कॉलेज कलकत्ता एलुमनी एसोसिएशन की दुबई शाखा द्वारा आंशिक रूप से प्रायोजित यह दूसरी उड़ान है।
एसोसिएशन के सचिव सप्तर्शी दत्ता ने बताया कि दुबई से वापस आने वाले 130 यात्रियों में से 80 आगे की यात्रा पर उत्तर बंगाल और सिक्किम के लिए रवाना होंगे।
संगठन नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उनके गंतव्यों तक की यात्रा का पूरा खर्च वहन करेगा।
उन्होंने बताया कि इस बार संगठन ने रोजगार खो चुके लोगों के लिए 50 टिकट पूरी तरह से प्रायोजित किए हैं। जो लोग टिकट का पूरा पैसा दे पाने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए संगठन यात्रा को आंशिक रूप से प्रायोजित कर रहा है।
दत्ता ने बताया कि यात्रियों में दो गर्भवती महिलाएं और 10 वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे।
एसोसिएशन द्वारा प्रायोजित पहली उड़ान पांच जुलाई को संयुक्त अरब अमीरात से 174 यात्रियों को लेकर लौटी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)