देश की खबरें | तलाश प्रयासों में देरी नहीं हुई: कोट्टायम मेडिकल कॉलेज की घटना पर मंत्री वासवन का दावा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के सहकारिता मंत्री वी एन वासवन ने शुक्रवार को उन आरोपों को खारिज किया कि कोट्टायम मेडिकल कॉलेज के ढहे हिस्से में तलाश एवं बचाव अभियान में देरी हुई या उसे रोक दिया गया। वासवन ने ऐसे दावों को ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ बताया।
तिरुवनंतपुरम/कोट्टायम, चार जुलाई केरल के सहकारिता मंत्री वी एन वासवन ने शुक्रवार को उन आरोपों को खारिज किया कि कोट्टायम मेडिकल कॉलेज के ढहे हिस्से में तलाश एवं बचाव अभियान में देरी हुई या उसे रोक दिया गया। वासवन ने ऐसे दावों को ‘‘राजनीति से प्रेरित’’ बताया।
अस्पताल में इस घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और तीन अन्य लोग घायल हो गए थे। वासवन ने घटना के एक दिन बाद पत्रकारों से कहा कि उनकी और राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज की यह टिप्पणी कि ढहे हुए हिस्से में कोई नहीं था, चिकित्सा अधीक्षक सहित अस्पताल के प्राधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित थी।
वासवन ने दावा किया कि उन्होंने घटनास्थल पहुंचने पर अग्निशमन एवं बचाव कर्मियों को मलबा हटाने के लिए खुदाई करने वाली मशीन या जेसीबी की तुरंत व्यवस्था करने को कहा था और यह पता लगाने के निर्देश दिए थे कि मलबे में कोई फंसा तो नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारी मशीनरी को वहां लाने में समय लगा क्योंकि इसके लिए रास्ता बनाया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘बचाव अभियान न तो रोका गया और न ही इसमें देरी हुई। इस तरह के आरोप राजनीति से प्रेरित हैं और राजनीतिक लाभ के लिए लगाए गए हैं।’’
कोट्टायम सरकारी मेडिकल कॉलेज के वार्ड 10, 11 और 14 के समीप स्थित शौचालय परिसर उस समय ढह गया था जब नवनिर्मित सर्जिकल ब्लॉक में अस्पताल का परिचालन पूर्णतः स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी थी।
कांग्रेस नीत विपक्षी गठबंधन ‘यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट’ (यूडीएफ) ने बचाव अभियान शुरू करने में देरी का बृहस्पतिवार को आरोप लगाते हुए दावा किया कि लापता महिला के रिश्तेदारों द्वारा चिंता जताए जाने के बाद ही खोज अभियान गंभीरता से शुरू किया गया।
विपक्ष ने मंत्री जॉर्ज पर इस्तीफा देने का दबाव भी बनाया और घटना की न्यायिक जांच की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2025 12:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

