एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी, फलोदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप शनिवार को जारी रहा जहां फलोदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

देश की खबरें | राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी, फलोदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस

जयपुर, 25 मई राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप शनिवार को जारी रहा जहां फलोदी में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, शनिवार को राज्य में फलोदी 50 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री, जैसलमेर में 48 डिग्री, बीकानेर में 47.2 डिग्री, चूरू में 47 डिग्री, जोधपुर में 46.9 डिग्री, गंगानगर में 46.5 डिग्री, कोटा में 46.3 डिग्री और राजधानी जयपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच, निर्देशों के बावजूद राज्य में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए उचित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करने पर मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों के 12 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव शुभ्रा सिंह ने बताया कि इस बार अत्यधिक गर्मी रहने एवं लू का अलर्ट जारी किया गया था। इस संबंध में राज्य के चिकित्सा संस्थानों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

उन्होंने बताया कि इसके बाद भी कुछ चिकित्सा संस्थानों में भीषण गर्मी से निपटने को लेकर कमियां पाई गईं। इन अस्पतालों में कूलर, पंखे, एसी, वाटर कूलर सहित अन्य व्यवस्थाएं सुचारू नहीं पाई जाने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

तेज गर्मी के कारण राज्य में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश के लिए जिलाधिकारियों को अधिकृत किया गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को राज्य में लू से आमजन एवं पशु-पक्षियों को राहत प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था करने को लेकर निर्देश दिया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार ने सभी जिलाधिकारियों को सुचारू व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं।

इस बीच, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बिजली कटौती एवं पेयजल की आपूर्ति न होने से त्रस्त है, वहीं मुख्यमंत्री इस संकट को दूर करने के लिए समस्या का समाधान खोजने के बजाय दूसरे प्रदेशों में जाकर चुनाव प्रचार करने में व्यस्त हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भीषण गर्मी के बावजूद लोगों को बिजली और पीने का पानी मुहैया नहीं करा पा रही है, जिसके कारण राज्य के ग्रामीण इलाकों में लोगों को पीने के पानी के लिए मीलों पैदल चलना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘शहरवासी भारी राशि खर्च करके पानी के टैंकर खरीद कर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। सरकार की अनदेखी के कारण प्रदेश में भीषण बिजली संकट उत्पन्न हो गया है तथा अघोषित रूप से दो से चार घंटे की बिजली कटौती प्रदेश की राजधानी में की जा रही है, वहीं अन्य शहरों व ग्रामीण इलाकों में कई घंटे तक बिजली के अभाव में जनता गर्मी से परेशान हो रही है।’’

डोटासरा ने कहा कि मौसम विभाग ने महीनों पहले प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान जताया था लेकिन राजस्थान सरकार ने प्रदेशवासियों को सुचारू बिजली आपूर्ति के लिए कोई कार्ययोजना नहीं बनायी जिसका परिणाम है कि प्रदेश में उपभोक्ताओं के लिए 600 लाख यूनिट प्रतिदिन बिजली की कम आपूर्ति हो रही है।

जयपुर मौसम केन्द्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने का अनुमान है। राज्य में लू की स्थिति तथा उष्ण रात्रि का दौर आगामी तीन-चार दिन जारी रहने की प्रबल संभावना है।

उन्होंने बताया कि 29 मई से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तथा 30 मई से पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट होने की संभावना है। शर्मा ने बताया कि जून के प्रथम सप्ताह में राज्य के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2024 10:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).