देश की खबरें | दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर जारी, अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 31 मई राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा और तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में इस मई में केवल दो दिन बारिश दर्ज की गई, जो बीते 10 वर्षों में सबसे कम है।
आईएमडी ने शनिवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी कर आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने और धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही हल्की बारिश और बूंदाबांदी के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 और 20 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
शुक्रवार का पारा दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र, सफदरजंग वेधशाला द्वारा इस गर्मी में अब तक दर्ज किया गया दूसरा सबसे अधिक सर्वाधिक तापमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में शहर की सापेक्षिक आर्द्रता 38 प्रतिशत से 23 प्रतिशत के बीच रही।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है। दिल्ली में 17 जून 1945 को तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस था।
दिल्ली के मुंगेशपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। इसके बाद, आईएमडी अधिकारियों ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वे किसी भी संभावित त्रुटि के लिए क्षेत्र के मौसम विभाग केंद्र के सेंसर और आंकड़ों की जांच कर रहे हैं।
हालांकि, मौसम विभाग ने अभी तक मुंगेशपुर में सेंसर के निरीक्षण पर कोई रिपोर्ट जारी नहीं की है।
राष्ट्रीय राजधानी में अभूतपूर्व गर्मी के कारण लोगों को पानी की कमी का भी सामना करना पड़ रहा है।
इस महीने में पिछले 10 सालों में सबसे कम बारिश वाले दिन भी देखे गए। दिल्ली में इस मई में केवल दो दिन बारिश हुई, जबकि 2023 में 11 दिन, 2022 में सात दिन, 2021 में 12 दिन और 2020 में फिर से सात दिन बारिश हुई थी।
आईएमडी के अनुसार, इस साल मई में औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 41.4 डिग्री सेल्सियस और 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2024 09:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

