देश की खबरें | छात्र आत्महत्या मामले में स्कूल की प्रधानाध्यापिका गिरफ्तार

फरीदाबाद, 28 फरवरी ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-81 स्थित एक निजी स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र आरवी मल्होत्रा की अपार्टमेंट की 15वीं मंजिल से कूदकर कथित रूप से आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मामले में नामजद प्रधानाध्यापिका ममता गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

फरीदाबाद पुलिस ने रविवार की रात ट्वीट करके इसकी दी । पुलिस प्रवक्ता के अनुसार रविवार को पुलिस ने नोटिस देकर ममता गुप्ता को थाने में बुलाया था।

उन्होंने बताया कि जांच अधिकारी ने सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पेन ड्राइव में ली। उन्होंने बताया कि पुलिस मल्होत्रा के स्कूल भी पहुंची और वहां से विज्ञान का पेपर और मल्होत्रा की नोटबुक भी कब्जे में ली है। नोटबुक और सुसाइड नोट से हैंडराइटिंग का मिलान करने के लिए फारेंसिक लैब भेजा जाएगा।

पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के दो दिन पहले विज्ञान की परीक्षा थी। इसको लेकर छात्र तनाव में था। उन्होंने बताया कि पुलिस विज्ञान का पेपर सबूत के तौर पर रखेगी।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को सेक्टर-80 की डिस्कवरी सोसायटी की 15वीं मंजिल से कूदकर 10वीं कक्षा के छात्र आरवी मल्होत्र ने आत्महत्या कर ली थी।

छात्र की मां आरती का कहना है कि स्कूल में कुछ छात्र आरवी को चिढ़ाते थे। एक साल पहले कुछ छात्रों ने शौचालय में आर वी के साथ कथित तौर पर र्दुव्यवहार किया था, उसके बाद से वह तनाव में था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)