खेल की खबरें | सौराष्ट्र के कोच ने कहा, बंगाल को रणजी फाइनल से जल्दी बाहर करना चाहेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सौराष्ट्र के मुख्य कोच नीरज ओडेड्रा का कहना है कि वे रणजी ट्राफी के फाइनल के तीसरे दिन लंबे समय तक बल्लेबाजी कर बंगाल को मैच से बाहर करना चाहेंगे।
कोलकाता, 17 फरवरी सौराष्ट्र के मुख्य कोच नीरज ओडेड्रा का कहना है कि वे रणजी ट्राफी के फाइनल के तीसरे दिन लंबे समय तक बल्लेबाजी कर बंगाल को मैच से बाहर करना चाहेंगे।
बंगाल की टीम पहली पारी में 174 रन पर सिमट गयी थी और दूसरे दिन सौराष्ट्र में अपनी कुल बढ़त 143 रन की कर ली है।
सौराष्ट्र ने दूसरे दिन स्टंप तक पांच विकेट गंवाकर 317 रन बना लिये थे। ओडेड्रा ने शुक्रवार को कहा, ‘‘हमें थोड़े लंबे समय तक बल्लेबाजी करनी होगी। हम कल लंच तक पहले सत्र तक टिके रहना चाहते हैं। अगर हम इसे शाम तक बढ़ा सकते हैं तो यह बेहतर होगा। हम जितने लंबे समय तक बल्लेबाजी करेंगे, उतना ही बेहतर होगा। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘विकेट भी थोड़ा आसान होगा, यह कल थोड़ा और बेहतर होगा। भारत में ज्यादातर विकेट ऐसे ही हैं, जैसे ही नमी कम होती है ऐसा ही होता है। ’’
वहीं बंगाल के कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला पहली पारी की बढ़त गंवाने के बावजूद यह मानने को तैयार नहीं है कि उनके लिये चीजें खत्म हो गयी हैं।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘अभी मैच में तीन और दिन बचे हैं। आपको शीर्षक देने से पहले सोचना होगा। ’’
उनका मानना है कि उनका तेज गेंदबाजी आक्रमण वापसी करेगा और प्रतिद्वंद्वी टीम को जल्दी समेट देगा।
उन्होंने कहा, ‘‘कल पहला सत्र बहुत महत्वपूर्ण होगा। हम तरोताजा होकर शुरूआत करेंगे और उन्हें जल्दी आउट करने की कोशिश करेंगे। हमारे पास अभी भी समय है। हमें इस मैच में अभी काफी आगे जाना है। हम वापसी करेंगे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)