खेल की खबरें | सात्विक-चिराग की निगाह खिताब तथा सिंधू और लक्ष्य की फॉर्म में वापसी पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी मंगलवार से यहां शुरू हो रहे जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने अच्छे प्रदर्शन को जारी रखने और खिताबी सूखे को खत्म करने की कोशिश करेगी।
तोक्यो, 14 जुलाई सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी मंगलवार से यहां शुरू हो रहे जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने अच्छे प्रदर्शन को जारी रखने और खिताबी सूखे को खत्म करने की कोशिश करेगी।
वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज सात्विक और चिराग की जोड़ी इस सत्र में तीन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची है। इसके अलावा उन्होंने पिछले महीने इंडोनेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी जगह बनाई थी लेकिन इस सत्र में अभी तक खिताब नहीं जीत पाए हैं।
जनवरी में मलेशिया और इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद यह स्टार जोड़ी सात्विक की स्वास्थ्य समस्याओं और चिराग की पीठ की चोट के कारण कई सप्ताह तक बाहर रही।
उन्होंने पूरी तरह से फिट होने के बाद अच्छी वापसी की तथा सिंगापुर ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाई और इंडोनेशिया में क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। जापान ओपन में यह जोड़ी अपने अभियान की शुरुआत कोरिया के कांग मिन ह्युक और की डोंग जू के खिलाफ करेगी।
एकल वर्ग में लक्ष्य सेन और पीवी सिंधू 950,000 डॉलर इनामी प्रतियोगिता में अपनी फॉर्म फिर से हासिल करने की उम्मीद करेंगे।
लक्ष्य इस सत्र में कई बार पहले दौर में ही बाहर हो गए हैं। वर्तमान सत्र में उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन ऑल इंग्लैंड में क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचना रहा।
सिंगापुर ओपन में लिन चुन-यी के खिलाफ पीठ की चोट के कारण रिटायर होने के बाद उन्होंने इंडोनेशिया में दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी शी यू की के खिलाफ हार के दौरान वापसी की झलक दिखाई। यह 23 वर्षीय खिलाड़ी अपने पहले मैच में चीन के वांग झेंग जिंग का सामना करेगा।
विश्व में 16वीं रैंकिंग वाली सिंधू के लिए जनवरी में इंडिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचना 2025 में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पूर्व विश्व चैंपियन इस साल चार बार पहले दौर और तीन बार दूसरे दौर से बाहर हो चुकी हैं। वह कोरिया की सिम यू जिन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।
भारत के अन्य खिलाड़ियों में इस वर्ष की शुरुआत में ताइपे ओपन सेमीफाइनलिस्ट रहीं उन्नति हुड्डा का सामना पहले दौर में थाईलैंड की सातवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग से, जबकि अनुपमा उपाध्याय का सामना हमवतन भारतीय रक्षिता रामराज से होगा।
पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुनन और रुबन कुमार रेथिनासाबापथी का सामना कोरिया के तीसरी वरीयता प्राप्त किम वोन हो और सियो सेउंग जे से होगा।
महिला युगल जोड़ी कविप्रिया सेल्वम-सिमरन सिंघी और पांडा बहनें - रुतपर्णा और श्वेतपर्णा भी टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 11:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

