देश की खबरें | सरकार महाकुंभ में फंसे लोगों को भोजन, वस्त्र और दवा उपलब्ध कराए : अखिलेश यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार से महाकुंभ में फंसे श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए भोजन, वस्त्र, चिकित्सा तथा वाहनों में ईंधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
लखनऊ, 31 जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य सरकार से महाकुंभ में फंसे श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए भोजन, वस्त्र, चिकित्सा तथा वाहनों में ईंधन उपलब्ध कराने की मांग की है।
उप्र सरकार को महाकुंभ में फंसे लोगों के राहत के लिए व्यवस्था संबंधित सुझाव देते हुए सपा प्रमुख ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर एक पोस्ट में कहा, “भोजन-पानी के लिए जगह-जगह दिन-रात ढाबे खोलने और भंडारों के आयोजन की अपील की जाए।”
इसी पोस्ट में यादव ने कहा, “प्रदेश भर से मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ को स्वयं सेवी लोगों के दुपहिया वाहनों के माध्यम से दूरस्थ इलाक़ों में फंसे लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था हो।”
उन्होंने कहा, “महाकुंभ के आस-पास और प्रदेश भर में मीलों तक फंसे वाहनों को पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। दवाई की दुकानों को दिन-रात खोलने की अनुमति दी जाए।”
सपा प्रमुख ने आरोप लगाते हुए कहा, “लोगों को कपड़े और कंबल दिये जाए। जहां हजारों करोड़ रूपये प्रचार पर और दुर्घटना की खबरें दबाने के लिए बहाए जा रहे हैं, वहां पीड़ितों के लिए कुछ करोड़ ख़र्च करने से सरकार पीछे क्यों हट रही है?”
प्रयागराज महाकुंभ में बुधवार को मौनी अमावस्या के स्नान के लिए उमड़ी भीड़ में मची भगदड़ की घटना में 30 लोगों की मौत हो गई थी तथा 60 अन्य जख्मी हो गए। मौनी अमावस्या के ‘अमृत स्नान’ के लिए मंगलवार रात से ही लोगों की भीड़ संगम क्षेत्र में जमा होने लगी थी। बुधवार को प्रयागराज में आठ करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 31, 2025 09:08 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

