देश की खबरें | सपकाल ने कार्यभार संभाला, कहा ‘महाराष्ट्र में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए काम करेंगे’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मंगलवार को पदभार संभाला और कहा कि वह राज्य में संगठन को मजबूत करने और पार्टी को सत्ता में वापस लाने के लिए काम करेंगे।
मुंबई, 18 फरवरी कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मंगलवार को पदभार संभाला और कहा कि वह राज्य में संगठन को मजबूत करने और पार्टी को सत्ता में वापस लाने के लिए काम करेंगे।
सपकाल पार्टी की राज्य इकाई के पूर्व प्रमुख नाना पटोले से पदभार संभालने के बाद एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महाराष्ट्र में कांग्रेस को पुनर्जीवित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ नेताओं से भी सहयोग मांगा। उन्होंने कहा, “अगर हम प्रयास नहीं करेंगे, तो हम सफल नहीं होंगे।”
सपकाल ने महाराष्ट्र में एक करोड़ सदस्य बनाने के अभियान और सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा वास्तव में कमजोर है।
सपकाल ने कहा, “अगर वह (भाजपा) सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, तो उसे शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को तोड़कर और कांग्रेस नेताओं को अपने पाले में लाने की क्या जरूरत थी।”
सपकाल ने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र में कांग्रेस के पुनर्निर्माण के लिए ईमानदार और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता चाहिए।
उन्होंने कहा, “मैं कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला से कहना चाहता हूं कि मैं मुख्यमंत्री समेत किसी अन्य पद के लिए दावेदारी नहीं करूंगा। मैं मुख्यमंत्री, सांसद या विधायक नहीं बनना चाहता। मैं यह सुनिश्चित करने के लिए काम करूंगा कि कांग्रेस सत्ता में लौटे और कांग्रेस का कोई नेता मुख्यमंत्री बने।”
सपकाल ने कहा कि वह भविष्य की रूपरेखा तैयार करने के लिए जिला इकाई प्रमुखों, पदाधिकारियों और अन्य नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।
वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि सपकाल में पार्टी को मुश्किल समय में भी आगे ले जाने का दृढ़ संकल्प है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “स्थानीय निकाय चुनावों में हमारे पास पासा पलटने का अच्छा अवसर है। सपकाल, राज्य इकाई का नेतृत्व करने के लिए उपयुक्त हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)