देश की खबरें | संजय राउत ने ईडी के समन को ‘साजिश’ बताया, बोले-मैं गुवाहाटी का रास्ता नहीं अपनाऊंगा

मुंबई, 27 जून शिवसेना सांसद संजय राउत ने सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जारी किये गये समन को उन्हें अपने राजनीतिक विरोधियों से टक्कर लेने से रोकने की ‘साजिश’ करार दिया और कहा कि वह मंगलवार को इस जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं होंगे क्योंकि उन्हें अलीबाग में एक सभा में हिस्सा लेना है।

शिवसेना प्रवक्ता ने यह भी कहा कि भले उन्हें मार डाला जाए, लेकिन वह महाराष्ट्र के बागी विधायकों की तरह गुवाहाटी का रास्ता नहीं अपनाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने राउत को मुंबई की एक ‘चॉल’ के पुनर्विकास एवं अन्य संबंधित वित्तीय विनिमय से जुड़े कथित धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए मंगलवार को तलब किया है।

यह समन ऐसे समय में जारी किया गया है, जब शिवसेना अपने ही विधायकों के एक धड़े की बगावत से जूझ रही है। ये विधायक गुवाहाटी में डेरा डाले हुए हैं। उनकी बगावत से महाराष्ट्र की महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार का भविष्य सवालों के घेरे में आ गया है।

राउत ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे अभी-अभी पता चला है कि ईडी ने मुझे नोटिस भेजा है। महाराष्ट्र में बड़े घटनाक्रम हो रहे हैं। हम ,बालासाहेब के शिवसैनिक एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं। यह मुझे रोकने की साजिश है। भले ही मेरा सिर धड़ से अलग कर दिया जाए, लेकिन मैं गुवाहाटी का रास्ता नहीं अपनाऊंगा।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘ मुझे गिरफ्तार कीजिए। जयहिंद। ’’

शिवसेना प्रवक्ता ने यह ट्वीट मराठी में किया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता देवेंद्र फडणवीस को इसमें टैग किया। राउत ने ईडी को उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती भी दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)