एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में 54 तेंदुए हैं : मंत्री गणेश नाइक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक ने मंगलवार को बताया कि 2024 में की गई गणना के अनुसार, मुंबई में स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में कुल 54 तेंदुए हैं।

देश की खबरें | मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में 54 तेंदुए हैं : मंत्री गणेश नाइक

मुंबई, आठ जुलाई महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक ने मंगलवार को बताया कि 2024 में की गई गणना के अनुसार, मुंबई में स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में कुल 54 तेंदुए हैं।

विधान परिषद में एक सवाल का जवाब देते हुए नाइक ने कहा कि तेंदुओं की आबादी उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के कारण लगातार बढ़ी है।

उन्होंने बताया कि 2015 में उद्यान में तेंदुओं की संख्या 35 थी, जबकि 2017 में 41, 2018 में 47, 2019 में 46, 2023 में 52 और 2024 में तेंदुओं की संख्या बढ़कर 54 हो गई है।

वन मंत्री गणेश नाइक ने कहा कि वर्ष 2017 में तेंदुए के हमले में दो बच्चों - एक लड़की और एक लड़का - की मौत हो गई थी, तथा वर्ष 2022 में भी इसी तरह की घटना में एक लड़की की मौत हो गई थी। कानून के अनुसार, मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (एसजीएनपी) मुंबई और पड़ोसी शहर ठाणे में 104 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।

नाइक ने कहा कि संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में तेंदुओं के लिए पर्याप्त शिकार है। सरकार ने उद्यान क्षेत्र में अधिक फलदार पेड़ लगाने का फैसला किया है ताकि शाकाहारी जानवरों के लिए पर्याप्त भोजन सुनिश्चित किया जा सके। ये जानवर तेंदुओं का शिकार भी हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवीण दारेकर ने कहा कि ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां तेंदुओं ने उद्यान के बाहरी क्षेत्र में रहने वाले बच्चों पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि उद्यान की कोई चारदीवारी नहीं है।

इस पर नाइक ने कहा कि उद्यान की सीमा पर सीमेंट की दीवार बनाने का प्रस्ताव है और इसका कुछ हिस्सा पहले से ही बना हुआ है। उद्यान के भीतर एक परिधीय सड़क बनाने और सीसीटीवी लगाने का भी प्रस्ताव है, जिससे गश्त और निगरानी अधिक प्रभावी हो सकेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 03:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).