देश की खबरें | आर्यन खान को ‘अगवा’ करने की साजिश का हिस्सा थे समीर वानखेड़े : नवाब मलिक का दावा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने रविवार को आरोप लगाया कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के मुंबई क्षेत्र के निदेशक समीर वानखेड़े अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को फिरौती के लिए ‘‘अगवा’’ करने की साजिश में शामिल थे।

मुंबई, सात नवंबर महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने रविवार को आरोप लगाया कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के मुंबई क्षेत्र के निदेशक समीर वानखेड़े अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को फिरौती के लिए ‘‘अगवा’’ करने की साजिश में शामिल थे।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रवक्ता मलिक ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि भाजपा की युवा शाखा के मुंबई के पूर्व अध्यक्ष मोहित भारतीय इस साजिश के ‘‘मास्टरमाइंड’’ थे।

उन्होंने दावा किया कि आर्यन खान के अपहरण का जाल मोहित भारतीय के रिश्तेदार ऋषभ सचदेवा के माध्यम से रचा गया था। उन्होंने दावा किया, ‘‘25 करोड़ रुपये मांगे गए थे और सौदा 18 करोड़ रुपये में तय हुआ था... 50 लाख रुपये दिए गए थे। सौदे की बात बिगड़ गई क्योंकि केपी गोसावी (क्रूज ड्रग्स मामले में एनसीबी के गवाह) की आर्यन के साथ सेल्फी, गिरफ्तारी के बाद वायरल हो गई।’’

मंत्री ने आगे कहा कि शाहरुख खान को यह कहकर डराने की कोशिश की गई है कि उन्होंने ‘‘50 लाख रुपये की राशि दी है’’ इसलिए वह भी एक आरोपी बन गए हैं।

पिछले महीने वानखेड़े के नेतृत्व में एक क्रूज पोत पर की गई छापेमारी के बाद आर्यन खान को गिरफ्तार किया गया था और पोत से कथित तौर पर मादक पदार्थ बरामद किया गया था। बाद में आर्यन को बंबई उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई।

मलिक ने कई बार कहा है कि मादक पदार्थ जब्ती का यह मामला ‘‘फर्जी’’ है और उन्होंने वानखेड़े के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने रविवार को दावा किया कि वानखेड़े ने ओशिवारा में एक कब्रिस्तान में भारतीय से मुलाकात की थी।

मलिक ने कहा, ‘‘लेकिन वह (वानखेड़े) खुशकिस्मत थे कि हमें इस मुलाकात का वीडियो फुटेज नहीं मिला क्योंकि पुलिस का सीसीटीवी काम नहीं कर रहा था। इसलिए डर के कारण वानखेड़े ने गलत शिकायत दर्ज कराई कि उनका पीछा किया गया था।’’

राकांपा के नेता ने आरोप लगाया, ‘‘कथित क्रूज रेव पार्टी, फिरौती के लिए आर्यन खान के अपहरण की एक साजिश थी जिसके मुख्य सरगना मोहित भारतीय थे।’’ वानखेड़े पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि भारतीय, वानखेड़े की ‘‘निजी सेना’’ के सहयोगी थे। मलिक ने यह भी दावा किया कि पत्रकार आर के बजाज और वकील प्रदीप नाम्बियार वानखेड़े की ‘‘निजी सेना’’ के सदस्य थे।

इस बीच, एनसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार शाम मलिक द्वारा लगाए गए नए आरोपों को खारिज कर दिया। एनसीबी के अधिकारी ने पीटीआई- से कहा, ‘‘हर सुबह मलिक नए-नए दावे करते हैं। लेकिन उनके आरोपों के बारे में क्या सबूत हैं। उन्होंने पहले (वानखेड़े के परिवार की कथित यात्रा) मालदीव और दुबई के बारे में बात की थी, लेकिन कोई सबूत नहीं है। अगर मलिक के पास सबूत हैं तो वह मीडिया से बात क्यों कर रहे हैं। उन्हें अदालत में सबूत देना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\