एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | रूसी सेना अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में अनाज जब्त कर रही है: यूक्रेन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. विसोत्स्की ने शनिवार को यूक्रेनी टेलीविजन को बताया, ‘‘आज, इस बात की पुष्टि हो गई है कि ज़ापोरिज़्ज़िया, खेरसान, डोनेत्सक और लुहान्स्क क्षेत्रों से कुल मिलाकर कई लाख टन अनाज बाहर ले जाया गया है।’’

विदेश की खबरें | रूसी सेना अपने नियंत्रण वाले क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में अनाज जब्त कर रही है: यूक्रेन

विसोत्स्की ने शनिवार को यूक्रेनी टेलीविजन को बताया, ‘‘आज, इस बात की पुष्टि हो गई है कि ज़ापोरिज़्ज़िया, खेरसान, डोनेत्सक और लुहान्स्क क्षेत्रों से कुल मिलाकर कई लाख टन अनाज बाहर ले जाया गया है।’’

यूक्रेन दुनिया के प्रमुख अनाज उत्पादकों में से एक है और रूसी आक्रमण ने निर्यात को कम कर दिया है, जिससे विश्व में अनाज की कीमतें बढ़ गई हैं और आयात करने वाले देशों में गंभीर अनाज की कमी की चिंताएं बढ़ गई हैं।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार रात कहा कि यूक्रेन को ईंधन की कमी का भी सामना करना पड़ रहा है क्योंकि रूस ने उसके ईंधन बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया है और उसके बंदरगाहों को अवरुद्ध कर दिया है।

कीव, दनिप्रो और अन्य शहरों में ईंधन की कमी की सूचना मिली है। ईंधन स्टेशनों पर वाहनों को लाइन में खड़ा देखा जा सकता है और अधिकांश जगहों पर वाहन चालक एक बार में केवल 10 लीटर ईंधन खरीद सकते हैं।

ज़ेलेंस्की ने वादा किया था कि अधिकारी कमी को पूरा करने के लिए एक या दो सप्ताह के भीतर ईंधन आपूर्ति प्रणाली खोज लेंगे, लेकिन क्रेमेनचुक स्थित रिफाइनरी पर रूसी मिसाइल हमले के बाद इसे ‘‘कठिन काम’’ कहा। ज़ेलेंस्की ने कहा, ‘‘तत्काल कोई समाधान नहीं है।’’

___

रूस-यूक्रेन युद्ध में प्रमुख घटनाक्रम:

- यूक्रेन की सेनाओं ने पूर्वी डोनबास क्षेत्र में रूस के आगे बढ़ने का मुकाबला किया

- मारियुपोल के रक्षकों की पत्नियों ने अंतिम गढ़ से सैनिकों की निकासी की अपील की

- यूक्रेनी महिलाओं ने कोसोवो में बारूदी सुरंग हटाना सीखा

अन्य विकास:

पेरिस - फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूक्रेनी नेता ज़ेलेंस्की को ‘‘अपने दूसरे शासन के दौरान यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को फिर से स्थापित करने के लिए सहयोगियों के साथ समन्वय में सक्रिय रूप से काम करने की इच्छा’’ से अवगत कराया। यह जानकारी राष्ट्रपति एलिसी पैलेस ने दी।

एलिसी ने कहा कि मैक्रों ने शनिवार को घंटे भर की अपनी बातचीत में जेलेंस्की को आश्वासन दिया कि ‘‘सैन्य सामग्री’’ और मानवीय सहायता यूक्रेन को देना जारी रहेगा। फ्रांस ने अब तक 615 टन उपकरण और सहायता भेजी है, जिसमें अस्पतालों, एम्बुलेंस और भोजन के लिए जनरेटर शामिल हैं।

एलिसी के अनुसार, फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने ज़ेलेंस्की से कहा, ‘‘यह समर्थन मजबूत होता रहेगा।’’

मैक्रों छह दिन पहले फिर से फ्रांस के राष्ट्रपति चुने गए।

___

ल्वीव, यूक्रेन - रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से मास्को ने यूक्रेन से 10 लाख से अधिक लोगों को निकाला है।

लावरोव ने यह बात चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के साथ एक साक्षात्कार में कही। लावरोव की यह टिप्पणी ऐसे समय आयी है जब यूक्रेन ने मास्को पर यूक्रेन के लोगों को जबरदस्ती देश से बाहर भेजने का आरोप लगाया है।

लावरोव ने कहा कि इस आंकड़े में 300 से अधिक चीनी नागरिक शामिल हैं।

उन्होंने अपने दावे का समर्थन करने के लिए कोई सबूत नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच ‘‘लगभग हर दिन’’ बातचीत जारी है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि ‘‘इस संबंध में प्रगति आसान नहीं रही है।’’

लावरोव ने वार्ता को बाधित करने के लिए ‘‘कीव शासन के पश्चिमी समर्थकों की आक्रामक बयानबाजी और भड़काऊ कार्रवाई’’ को जिम्मेदार ठहराया।

___

ल्वीव, यूक्रेन - ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय का मानना ​​​​है कि यूक्रेन में रूसी सैनिक संभवत: ‘‘कमजोर मनोबल’’ से पीड़ित हैं, साथ ही उनमें यूनिट-स्तरीय कौशल और "असंगत हवाई समर्थन" की कमी है।

युद्ध पर एक दैनिक रिपोर्ट के हिस्से के रूप में मंत्रालय ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा, ‘‘रूसी बलों को पूर्वोत्तर यूक्रेन में विफल इकाइयों का विलय करने और फिर से तैनात करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।’’ हालांकि उसने यह नहीं बताया कि उसने यह आकलन किस आधार पर किया।

___

वॉशिंगटन - यूक्रेन के सैनिक देश के दक्षिण और पूर्व में रूसी सैनिकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए उनका मुकाबला कर रहे हैं, जहां क्रेमलिन देश के औद्योगिक डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। यह जानकारी अमेरिका के एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने दी और कहा कि मॉस्को का आक्रमण योजना की तुलना में बहुत धीमी गति से चल रहा है।

एक ओर जहां कुछ शहरों में शुक्रवार को तोप के हमलों, साइरन और विस्फोटों की आवाज सुनी गई, तो दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र ने मारियुपोल से लोगों को निकालने की शुरुआत करने का प्रयास किया। मारियुपोल के मेयर ने कहा कि शहर में स्थित इस्पात संयंत्र की हालात भयावह है।

___

कीव, यूक्रेन - यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रात के अपने वीडियो संबोधन में रूस पर डोनबास और वहां रहने वाले सभी लोगों को नष्ट करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, लगातार हमले "दिखाते हैं कि रूस इस क्षेत्र को सभी लोगों से खाली करना चाहता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यदि रूसी आक्रमणकारी आंशिक रूप से भी अपनी योजनाओं को साकार करने में सक्षम हुए, तो उनके पास पूरे डोनबास को पत्थरों में बदलने के लिए पर्याप्त तोपखाना और विमान हैं, जैसा कि उन्होंने मारियुपोल के साथ किया था।’’

उन्होंने कहा कि उत्तर में एक प्रमुख शहर खार्किव में, स्थिति "क्रूर" है, लेकिन यूक्रेनी सैनिकों और खुफिया एजेंटों को "महत्वपूर्ण सामरिक सफलताएं मिली हैं।

खार्किव के मेयर इहोर तेरखोव ने कहा कि शहर के लगभग 20 प्रतिशत आवासीय भवन इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं कि उन्हें बहाल करना असंभव होगा।

__

दुबई, संयुक्त अरब अमीरात - रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यूक्रेन के घिरे हुए शहरों से मानवीय गलियारों को सुरक्षित करने में मदद करने के लिए संयुक्त राष्ट्र की अपील को एक तरह से खारिज कर दिया है।

सऊदी अरब के स्वामित्व वाले अल-अरबिया टीवी के एक पत्रकार ने लावरोव से मानवीय सहायता और नागरिकों को निकालने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के प्रस्तावों के बारे में पूछने की कोशिश की।

लावरोव ने कहा, ‘‘कोई जरूरत नहीं है। मुझे पता है, मुझे पता है। मानवीय गलियारों को खोलने के लिए किसी को सहायता प्रदान करने की आवश्यकता नहीं है। केवल एक ही समस्या है... यूक्रेन के अति-राष्ट्रवादी मानवीय गलियारों की अनदेखी कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2022 10:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).