विदेश की खबरें | रूसी सेना यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में घुसी, बंदरगाहों पर कब्जे के प्रयास में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. रूस के राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के मुताबिक सैन्य बढ़त बनाने के बाद रूस ने यूक्रेन के साथ शांति वार्ता के लिए एक प्रतिनिधिमंडल को बेलारूस भेजा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अन्य स्थानों पर वार्ता का प्रस्ताव देते हुए कहा कि उनका देश बेलारूस में बैठक करने के लिए तैयार नहीं है क्योंकि उसने आक्रमण में रूस की मदद की है।

रूस के राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के मुताबिक सैन्य बढ़त बनाने के बाद रूस ने यूक्रेन के साथ शांति वार्ता के लिए एक प्रतिनिधिमंडल को बेलारूस भेजा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अन्य स्थानों पर वार्ता का प्रस्ताव देते हुए कहा कि उनका देश बेलारूस में बैठक करने के लिए तैयार नहीं है क्योंकि उसने आक्रमण में रूस की मदद की है।

खारकीव रूस की सीमा से 20 किलोमीटर की दूरी पर है और रूसी सैनिक खारकीव में घुस गए हैं। इससे पहले तक वे शहर के बाहरी इलाके में ही थे और उन्होंने शहर में घुसने की कोशिश नहीं की थी।

यूक्रेन की मीडिया और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में रूसी वाहन खारकीव में चक्कर लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं और एक वाहन सड़क पर जलता दिखाई देता है। एक वीडियो में यूक्रेनी सैनिकों को रूसी सैन्य वाहनों का निरीक्षण करते हुए देखा गया, जिन्हें रूसी सैनिक गोलाबारी में क्षतिग्रस्त होने के बाद छोड़ गए हैं।

अमेरिका और यूरोपीय संघ ने जवाबी कदम के साथ यूक्रेन को हथियारों और गोला-बारूद की आपूर्ति करने तथा मास्को को और अलग-थलग करने के इरादे से कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।

कीव के मेयर के अनुसार, वासिलकिव में हवाई अड्डे के पास एक तेल डिपो से आग की लपटें आसमान में फैल गईं। इस क्षेत्र में रूस की सेना से यूक्रेनी सैनिकों की भीषण लड़ाई हुई। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के कार्यालय ने कहा कि असैन्य जुलियानी हवाई अड्डे पर एक और विस्फोट हुआ। जेलेंस्की के कार्यालय ने यह भी कहा कि रूसी सेना ने खारकीव में एक गैस पाइपलाइन को उड़ा दिया, जिसके बाद सरकार ने लोगों को अपने आवासों की खिड़कियों को नम कपड़े से ढककर खुद को धुएं से बचाने की सलाह दी।

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘हम अपने देश के लिए लड़ रहे हैं, अपनी आजादी को बनाए रखने के लिए लड़ रहे हैं क्योंकि हमें ऐसा करने का अधिकार है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पिछली रात कठिन थी। भीषण गोलाबारी हुई, आवासीय क्षेत्रों में भी बमबारी की गई और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। हमलावर सैन्य-असैन्य सभी स्थानों को निशाने पर ले रहे हैं।’’

बमबारी के डर से बच्चों समेत लोगों ने बंकरों और भूमिगत मेट्रो स्टेशनों, अन्य जगहों पर पनाह ली। सरकार ने लोगों को सड़कों से दूर रखने के लिए 39 घंटे का कर्फ्यू लगा रखा है।

यूक्रेन के आम लोग भी स्वेच्छा से कीव और अन्य शहरों की रक्षा में मदद करने के लिए आगे आए हैं। उन्होंने अधिकारियों द्वारा वितरित बंदूकें लीं और रूसी सेना से लड़ने के लिए मोर्चा संभाल लिया।

जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन पर रूस का आक्रमण नरसंहार की दिशा में उठा गया कदम है। उन्होंने कहा, ‘‘रूस ने बुराई का रास्ता चुना है और दुनिया को उसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से बाहर कर देना चाहिए।’’

रूस सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों में से एक है, जिसके चलते उसके पास प्रस्तावों को वीटो करने की शक्ति है। जेलेंस्की ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय युद्ध अपराध न्यायाधिकरण को यूक्रेन के शहरों पर रूस के हमलों की जांच करनी चाहिए। उन्होंने रूसी आक्रमण को ‘‘राज्य प्रायोजित आतंकवाद’’ करार दिया।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी अंतिम योजनाओं का खुलासा नहीं किया है, लेकिन पश्चिमी देशों के अधिकारियों का मानना ​​है कि वह यूक्रेन की सरकार को उखाड़ फेंकने और वहां अपनी पसंद की सरकार स्थापित करना चाहते हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुतिन यूरोप के मानचित्र को फिर से तैयार करने और रूस के प्रभाव को फिर से बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

यूक्रेन की सहायता के लिए अमेरिका ने टैंक-रोधी हथियारों, बख्तरबंद और छोटे हथियारों सहित यूक्रेन को अतिरिक्त 35 करोड़ डॉलर देने का वचन दिया। जर्मनी ने कहा कि वह यूक्रेन को मिसाइल और टैंक रोधी हथियार भेजेगा तथा रूसी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर देगा।

कीव में लागू कर्फ्यू सोमवार सुबह तक जारी रहेगा। गोलाबारी से राजधानी में कर्फ्यू के कारण पसरा सन्नाटा लगातार टूट रहा था। शहर के बाहरी इलाके में लड़ाई से संकेत मिलता है कि रूस की छोटी टुकड़ियां मुख्य सैन्य बलों के लिए रास्ता साफ करने की कोशिश कर रही थीं। कीव के अंदर कुछ रूसी सैनिकों की मौजूदगी की सूचना मिली है।

रूसी सेना यूक्रेन के दक्षिण में रणनीतिक बंदरगाहों पर नियंत्रण बनाने का भी प्रयास कर रही है। इसका उद्देश्य पश्चिम में रोमानिया के साथ लगती सीमा से पूर्व में रूस के साथ लगती सीमा तक फैले यूक्रेन के तटीय इलाकों पर बढ़त बनाना है।

रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने कहा कि रूसी सेना ने काला सागर पर खेरसॉन के शहरों और जोव सागर पर बर्दियांस्क के बंदरगाह को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे यूक्रेन की समुद्री बंदरगाहों तक पहुंच सीमित हो गई है। इससे यूक्रेन की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लग सकता है।

मंत्रालय क्रीमिया के लिए एक गलियारा बनाने की अनुमति भी दे सकता है, जिसे रूस ने 2014 में कब्जा लिया था। अब तक यह हिस्सा रूस से 19 किलोमीटर के एक पुल से जुड़ा है। यह यूरोप में सबसे लंबा पुल है, जिसे 2018 में खोला गया था।

यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इस युद्ध में तीन बच्चों समेत 198 लोगों की मौत हुई है और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कितने आम नागरिक और कितने सैनिक हताहत हुए हैं।

संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी ने कहा कि रूस के आक्रमण के बाद पड़ोसी देशों में पहुंच रहे यूक्रेन के नागरिकों की संख्या अब दो लाख के पार चली गयी है। संयुक्त राष्ट्र ने अनुमान लगाया है कि संघर्ष की वजह से 40 लाख लोगों को दूसरी जगह पनाह लेनी पड़ सकती है, यह निर्भर करता है कि यह कितने समय तक जारी रहेगा।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि सैन्य अधिकारियों और राजनयिकों का एक रूसी प्रतिनिधिमंडल रविवार को यूक्रेन के साथ बातचीत के लिए बेलारूस के गोमेल शहर में पहुंचा। जेलेंस्की ने शुक्रवार को रूस की एक प्रमुख मांग पर बातचीत करने की पेशकश की थी। रूस की प्रमुख मांग है कि यूक्रेन उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में शामिल होने की महत्वाकांक्षा को त्याग दे।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा है कि उनका देश रूस के साथ शांति वार्ता करने के लिए तैयार है लेकिन बेलारूस में नहीं, जो मास्को की तीन दिन से चल रहे हमले के लिए जमीनी मदद कर रहा है।

जेलेंस्की ने वार्ता के वैकल्पिक स्थानों के तौर पर वारसॉ, ब्रातिस्लावा, इस्तांबुल, बुडापेस्ट या बाकू का नाम लिया। उन्होंने कहा कि अन्य स्थानों पर भी वार्ता हो सकती है लेकिन स्पष्ट किया कि यूक्रेन बेलारूस में वार्ता नहीं करेगा।

अमेरिका, यूरोपीय संघ और ब्रिटेन ने ‘‘चिह्नित’’ किए गए रूसी बैंकों को स्विफ्ट वैश्विक वित्तीय प्रणाली से प्रतिबंधित करने पर सहमति व्यक्त की है। इस प्रणाली के जरिए दुनिया भर में 11,000 से अधिक बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों से धन स्थानांतरित होता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women ODI Stats: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

Pakistan vs Sri Lanka, 50th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें PAK बनाम SL मैच का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का महामुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Kolkata Weather And Rain Forecast For India vs West Indies Match: कोलकाता में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर 8 मुकाबले पर बारिश का खतरा नहीं, लेकिन ओस बन सकती है बड़ा फैक्टर

\