विदेश की खबरें | रूसी बल सूमी में फंसे भारतीयों को निकालने का हरसंभव प्रयास कर रहे: पुतिन ने मोदी को आश्वस्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वस्त किया कि रूसी बल युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीयों को निकालने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने यह जानकारी दी।
मॉस्को, सात मार्च रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आश्वस्त किया कि रूसी बल युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीयों को निकालने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ने यह जानकारी दी।
मोदी और पुतिन के बीच फोन पर करीब 50 मिनट तक चली बातचीत के दौरान मोदी ने सूमी में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर अपनी ‘‘गहरी चिंता’’ से रूसी राष्ट्रपति को अवगत कराया और इनकी जल्द निकासी पर जोर दिया।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के कारण सूमी में अभी भी 700 के करीब भारतीय छात्र फंसे हुए हैं।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' ने क्रेमलिन के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के दौरान कहा कि रूसी बल सूमी में फंसे भारतीय नागरिकों की निकासी के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
क्रेमलिन (रूसी राष्ट्रपति कार्यालय) ने आरोप लगाया, '' यह पाया गया है कि खारकीव में चरमपंथियों द्वारा बंधक बनाए गए भारतीय छात्र कीव प्रशासन पर पड़े जबरदस्त अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद ही शहर छोड़ सके।''
क्रेमलिन ने कहा कि मोदी ने भारतीयों की वतन वापसी सुनिश्चित करने के वास्ते किए गए उपायों के लिए रूसी पक्ष का आभार जताया।
क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन ने मोदी से कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रवादी आम नागरिकों को जोखिम वाले क्षेत्रों से निकलने से लगातार रोक रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)