जरुरी जानकारी | रुपया 21 पैसे की बढ़त के साथ 75.53 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वित्त वर्ष 2022-23 के पहले कारोबारी सत्र में रुपया 21 पैसे की बढ़त के साथ 75.53 प्रति डॉलर के एक माह के उच्चस्तर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों का प्रवाह बढ़ने से रुपये की धारणा मजबूत हुई।
मुंबई, चार अप्रैल वित्त वर्ष 2022-23 के पहले कारोबारी सत्र में रुपया 21 पैसे की बढ़त के साथ 75.53 प्रति डॉलर के एक माह के उच्चस्तर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों का प्रवाह बढ़ने से रुपये की धारणा मजबूत हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 75.77 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान रुपये ने 75.42 रुपये के उच्च स्तर और 75.79 रुपये के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 21 पैसे की तेजी के साथ 75.53 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। वित्त वर्ष 2021-22 के आखिरी कारोबारी सत्र में बृहस्पतिवार को रुपया 16 पैसे का लाभ दर्शाता 75.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और डॉलर के मजबूत रहने के कारण बीते वित्त वर्ष में रुपये में 3.61 प्रतिशत या 264 पैसे की गिरावट दर्ज हुई थी।
बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के कारण शुक्रवार को विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार बंद था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 98.75 हो गया।
वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.27 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,335.05 अंक की तेजी के साथ 60,611.74 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 1,152.21 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीद की।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक श्रीराम अय्यर ने कहा, भारतीय रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले बढ़कर करीब पांच सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसे घरेलू शेयर बाजारों की तेजी से समर्थन मिला।
भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार, वृहद आर्थिक मोर्चे पर दिसंबर को समाप्त तिमाही में भारत का चालू खाते का घाटा (कैड) बढ़कर 23 अरब डॉलर या जीडीपी का 2.7 प्रतिशत हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2022 08:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

