एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 85.40 प्रति डॉलर पर स्थिर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और घरेलू शेयर बाजार में गिरावट के रुख के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 85.40 (अस्थायी) पर स्थिर बना रहा।

जरुरी जानकारी | रुपया 85.40 प्रति डॉलर पर स्थिर

मुंबई, 28 मई कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और घरेलू शेयर बाजार में गिरावट के रुख के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 85.40 (अस्थायी) पर स्थिर बना रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि मासांत की डॉलर मांग बढ़ने से अमेरिकी मुद्रा को मजबूती मिली, जिससे रुपया दबाव में रहा, जबकि निवेशक भी घरेलू वृहद आर्थिक आंकड़ों के इंतजार में सतर्कता बरत रहे हैं।

अप्रैल के लिए भारत के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े बुधवार को जारी किए गए जबकि मार्च तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि के आंकड़े शुक्रवार को जारी किए जाएंगे।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया 85.59 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 85.33 के ऊंचे और 85.72 के निचले स्तर के बीच घूमता रहा। अंत में रुपया 85.40 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले स्थिर रुख को दर्शाता है।

पिछले सत्र में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 30 पैसे टूटकर 85.40 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषण विभाग के उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी के अनुसार, डॉलर इंडेक्स के स्थिर रहने के कारण रुपया स्थिर रहा।

उन्होंने कहा, ‘‘इस सप्ताह प्रमुख आर्थिक आंकड़े आने वाले हैं - जिसमें अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक का ब्योरा, मार्च तिमाही के जीडीपी आंकड़े और कोर पीसीई प्राइस इंडेक्स शामिल हैं। रुपये की चाल काफी हद तक द्वितीयक बाजारों में विदेशी कोषों की गतिविधियों से निर्देशित होगी। निकट भविष्य में, रुपये के 84.80 से 85.75 के दायरे में रहने की उम्मीद है।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत बढ़कर 99.47 पर कारोबार कर रहा था।

विश्लेषकों ने डॉलर की मजबूती का श्रेय उम्मीद से बेहतर टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर और उपभोक्ता विश्वास आंकड़ों के कारण अमेरिकी उपभोक्ता भरोसे में सुधार को दिया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.67 प्रतिशत बढ़कर 64.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 239.31 अंक घटकर 81,312.32 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 73.75 अंक के नुकसान के साथ 24,752.45 अंक पर आ गया।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध आधार पर 348.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2025 06:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).