जरुरी जानकारी | रुपया 83.18 प्रति डॉलर पर स्थिर

मुंबई, 20 दिसंबर स्थानीय शेयर बाजारों में भारी गिरावट के बीच रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.18 (अस्थायी) पर स्थिर बंद हुआ। लाल सागर मार्ग से तेल आपूर्ति को लेकर चिंता की वजह से भी स्थानीय मुद्रा की धारणा प्रभावित हुई।

विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि हालांकि, अमेरिकी डॉलर सूचकांक ने 102 के स्तर से नीचे समर्थन दिया, लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच विदेशी मुद्रा की निकासी से भारतीय मुद्रा पर दबाव पड़ा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.17 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में उसने 83.13 से 83.18 प्रति डॉलर के बीच कारोबार किया। अंत में यह 83.18 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर सपाट बंद हुआ।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.87 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.78 प्रतिशत चढ़कर 79.85 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 930.88 अंक गिरकर 70,506.31 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 601.52 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)