जरुरी जानकारी | रुपया 21 पैसे फिसलकर 76.50 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भू-राजनीतिक संकट के बीच विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर को मिली मजबूती और विदेशी कोषों की निकासी के कारण मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे फिसलकर 76.50 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
मुंबई, 19 अप्रैल भू-राजनीतिक संकट के बीच विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर को मिली मजबूती और विदेशी कोषों की निकासी के कारण मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे फिसलकर 76.50 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 76.34 पर खुला और 76.25 के उच्चस्तर तक गया और 76.53 के निचले स्तर तक आया। अंत में रुपया 76.50 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ, जो पिछले कारोबारी दिन की तुलना में 21 पैसे की गिरावट को दर्शाता है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार के अनुसार, घरेलू बाजारों से विदेशी कोषों की निकासी से रुपये में गिरावट आई।
उन्होंने कहा कि मजबूत डॉलर सूचकांक, विदेशी कोषों की निकासी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें डॉलर के मुकाबले रुपये को 76.70 प्रति डॉलर की तरफ धकेल सकती हैं।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत बढ़कर 100.79 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.18 फीसदी की गिरावट लेकर 111.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 703.59 अंक की गिरावट लेकर 56,463.15 अंक पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 215 अंक टूटकर 16,958.65 अंक पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 5,871.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग की जिंस और मुद्रा अनुसंधान-उपाध्यक्ष सुगंधा सचदेवा के अनुसार, घरेलू बाजारों में बिकवाली और डॉलर में मजबूती के कारण रुपये में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले गिरावट आई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 19, 2022 09:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

