एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया 20 पैसे टूटकर 82.25 प्रति डॉलर पर खिसका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विदेशों में डॉलर के मजबूत होने और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के बीच रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे कमजोर होकर 82.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया 20 पैसे टूटकर 82.25 प्रति डॉलर पर खिसका

मुंबई, 15 जून विदेशों में डॉलर के मजबूत होने और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के बीच रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे कमजोर होकर 82.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, फेडरल रिजर्व के ब्याज दर अपरिवर्तित रखने के फैसले के बाद अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती से रुपये में गिरावट आई। हालांकि विदेशी पूंजी का निवेश बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने रुपये को निचले स्तर पर समर्थन दिया।

अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.16 के भाव पर खुला। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव से 20 पैसे गिरकर 82.25 प्रति डॉलर के भाव पर बंद हुआ।

दिन के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 82.02 के ऊपरी स्तर तक गया और 82.25 के निचले स्तर तक आया।

इस तरह डॉलर के मुकाबले रुपये में 20 पैसे की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 82.05 पर बंद हुआ था।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत बढ़कर 103.03 पर पहुंच गया।

बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान में शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर पर आक्रामक रुख कायम रखने से डॉलर में मजबूती दर्ज की गई। उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगता है कि मजबूत अमेरिकी डॉलर और कमजोर घरेलू बाजारों के बीच रुपये का रुख हल्का नकारात्मक होगा।’’

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.98 प्रतिशत बढ़कर 73.92 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

घरेलू स्तर पर तीन दिन की तेजी के बाद बीएसई का सूचकांक सेंसेक्स 310.88 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62,917.63 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को 3,085.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 15, 2023 10:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).