एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे बढ़कर 86.03 पर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे की मजबूती के साथ 86.03 (अस्थायी) पर रहा। वैश्विक कच्चेतेल की कीमतों में गिरावट, कमजोर होते डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख के कारण रुपये में यह तेजी आई।

जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे बढ़कर 86.03 पर बंद

मुंबई, 16 जून अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे की मजबूती के साथ 86.03 (अस्थायी) पर रहा। वैश्विक कच्चेतेल की कीमतों में गिरावट, कमजोर होते डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख के कारण रुपये में यह तेजी आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, निर्यात में गिरावट और विदेशी पूंजी निकासी के कारण रुपये में तेजी पर अंकुश लगा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 86.16 पर खुला तथा 85.94 से 86.24 के दायरे में कारोबार करने के बाद कारोबार के अंत में 86.03 (अस्थायी) पर बंद हुआ। यह पिछले बंद से आठ पैसे की तेजी है। शुक्रवार को रुपया 86.11 पर बंद हुआ था।

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘लेकिन निचले स्तरों पर डॉलर की अच्छी खरीदारी हुई, क्योंकि बाजार पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इजराइल युद्ध के परिणाम की प्रतीक्षा कर रहा है।’’

उन्होंने कहा कि मंगलवार को रुपया 85.75 से 86.50 के व्यापक दायरे में रह सकता है।

सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मई में भारत का निर्यात 2.17 प्रतिशत घटकर 38.73 अरब डॉलर रहा, जबकि व्यापार घाटा 21.88 अरब डॉलर रहा।

मई में आयात में सालाना आधार पर 1.7 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 60.61 अरब डॉलर का रहा।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, खाद्य पदार्थों, विनिर्मित उत्पादों और ईंधन की कीमतों में कमी आने से देश में थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति (डब्ल्यूपीआई) मई में घटकर 0.39 प्रतिशत रह गई।

अप्रैल में थोक मुद्रास्फीति 0.85 प्रतिशत थी। पिछले साल मई में यह 2.74 प्रतिशत थी।

घरेलू शेयर बाजार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 677.55 अंक बढ़कर 81,796.15 अंक, जबकि एनएसई निफ्टी 227.90 अंक बढ़कर 24,946.50 अंक पर बंद हुआ।

इजराइल-ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण पिछले कुछ दिनों में भारी तेजी आने के बाद वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की वायदा कीमत 0.79 प्रतिशत घटकर 73.64 प्रति बैरल रह गई।

छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत घटकर 97.98 रह गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 1,263.52 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 16, 2025 05:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).