जरुरी जानकारी | रुपया तीन पैसे बढ़कर 83.44 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में स्थिरता और घरेलू बाजार में मजबूती के रुख के बीच मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे की बढ़त के साथ 83.44 (अस्थायी) के भाव पर बंद हुआ।
मुंबई, 25 जून कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में स्थिरता और घरेलू बाजार में मजबूती के रुख के बीच मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे की बढ़त के साथ 83.44 (अस्थायी) के भाव पर बंद हुआ।
हालांकि, विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने से रुपये पर दबाव पड़ा और इसका लाभ सिमट गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.46 प्रति डॉलर के भाव पर खुला और सत्र के दौरान 83.41 के ऊपरी और 83.48 के निचले स्तर तक गया।
कारोबार के अंत में रुपया 83.44 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो इसके पिछले बंद भाव से तीन पैसे की बढ़त दर्शाता है। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे बढ़कर 83.47 पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि रुपया थोड़े सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि मजबूत घरेलू बाजार और नरम अमेरिकी डॉलर से इसे समर्थन मिल सकता है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और भू-राजनीतिक तनाव इसे सीमित कर सकते हैं।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर और भारतीय रुपये का हाजिर विनिमय भाव 83.20 रुपये से 83.65 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है।’’
इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत बढ़कर 105.50 पर पहुंच गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.48 प्रतिशत गिरकर 85.60 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 712.44 अंक उछलकर 78,053.52 के नए शिखर पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 183.45 अंक बढ़कर रिकॉर्ड 23,721.30 पर बंद हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजारों में शुद्ध बिकवाल रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने सोमवार को शुद्ध रूप से 653.97 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2024 06:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

