जरुरी जानकारी | रुपया छह पैसे बढ़कर 83.55 प्रति डॉलर पर बंद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपया शुक्रवार को दो महीने के निचले स्तर से उबरकर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले छह पैसे की तेजी के साथ 83.55 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों के सतत पूंजी प्रवाह और विदेशों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के कारण रुपये को समर्थन मिला।
मुंबई, 21 जून रुपया शुक्रवार को दो महीने के निचले स्तर से उबरकर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले छह पैसे की तेजी के साथ 83.55 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों के सतत पूंजी प्रवाह और विदेशों में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के कारण रुपये को समर्थन मिला।
हालांकि, विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि स्थानीय मुद्रा को अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने और घरेलू शेयर बाजार में कमजोर धारणा के कारण प्रतिरोध का सामना करना पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में स्थानीय रुपया 83.60 पर खुला और कारोबार के दौरान 83.49 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बाद में रुपया 83.63 के दिन के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में पिछले बंद भाव के मुकाबले छह पैसे की तेजी के साथ 83.55 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
बृहस्पतिवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 पैसे की गिरावट के साथ दो माह के निचले स्तर 83.61 पर बंद हुआ था।
इससे पहले रुपया इस साल 16 अप्रैल को 83.61 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी परिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अनुकूल वृहत आर्थिक आंकड़े और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा हस्तक्षेप की रिपोर्ट के कारण रुपये में तेजी आई। ‘‘हालांकि, कमजोर घरेलू बाजार और मजबूत अमेरिकी डॉलर ने तेज बढ़त पर अंकुश लगाया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘...एफआईआई निवेश बढ़ने और रिजर्व बैंक द्वारा आगे कोई भी हस्तक्षेप रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकता है। कारोबारी पीएमआई और अमेरिका के मौजूदा आवास बिक्री आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर-रुपये की हाजिर कीमत 83.20 रुपये से 84 रुपये के बीच रहने की संभावना है।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में अमेरिकी मुद्रा का आकलन करने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत बढ़कर 105.36 पर रहा।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर में बढ़त हुई क्योंकि फेडरल रिजर्व ने अपना आक्रामक रुख बरकरार रखा है। हालांकि अन्य प्रमुख केंद्रीय बैंकों ने अपनी मौद्रिक नीतियों में ढील देनी शुरू कर दी।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.09 प्रतिशत घटकर 85.63 डॉलर प्रति बैरल रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 269.03 अंक घटकर 77,209.90 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 65.90 अंक की गिरावट के साथ 23,501.10 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र में दोनों ही सूचकांक अपने उच्चतम स्तर पर बंद हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2024 05:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

