1 सितंबर की बड़ी खबरें
स्वागत है DW हिन्दी के लाइव ब्लॉग में.
स्वागत है DW हिन्दी के लाइव ब्लॉग में. यहां आपको दिनभर की तमाम जरूरी और बड़ी खबरें एक साथ मिलेंगी. हम इस पेज को लगातार अपडेट कर रहे हैं.पीएम मोदी ने फिर कहा, जरूरत ना हो तो सोना ना खरीदें
अमेरिका में जी20 की बैठक: एआई नियमों पर होगी दिग्गजों की चर्चा
फोल्क्सवागन नहीं संभाल पा रहा लागत, प्लांट बंद करने की योजना पर होगी बात
“आतंकवाद के पूरे ईकोसिस्टम को ध्वस्त करना होगा”: पीएम मोदी
जर्मनी में मिला द्वितीय विश्व युद्ध का 250 किलोग्राम का बम
मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग एससीओ समिट में हाथ मिलाते नजर आए
बस गैंगरेप घटना पर राहुल गांधी बोले, राजधानी में भी महिलाएं सुरक्षित सफर नहीं कर सकतीं
ब्राजील से आया मीट और अन्य पशु उत्पाद नहीं लेगा यूरोपीय संघ
ब्राजील से आया मीट और अन्य पशु उत्पाद नहीं लेगा यूरोपीय संघ
यूरोपीय संघ (ईयू) गुरुवार, 3 सितंबर से ब्राजील से आयात होने वाले मांस और अन्य पशु उत्पादों को स्वीकार नहीं करेगा. ईयू का कहना है कि यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि ब्राजील से आया मीट उसके स्वास्थ्य मानकों पर खरा नहीं उतरता. साथ ही, ब्राजील योरोपीय संघ के पशु स्वास्थ्य नियमों का पालन भी नहीं करता. इस प्रतिबंध से मुर्गी पालन उत्पाद, मांस, अंडे और शहद का आयात प्रभावित होगा.
यूरोपीय आयोग ने कहा है कि ब्राजील मवेशियों में एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग से जुड़े नियमों को पूरा करने की गारंटी नहीं दे सका है. ब्राजील में पोल्ट्री और शहद क्षेत्रों का ऑडिट शुक्रवार को पूरा होना है. इसके सकारात्मक परिणाम आने पर पोल्ट्री निर्यात कुछ ही हफ्तों में फिर शुरू हो सकता है.
मई में यूरोपीय संघ ने ब्राजील को एंटीबायोटिक नियमों का उल्लंघन करने वाले देशों की सूची में डाला था. यूरोपीय संघ पशुओं के विकास के लिए रोगाणुरोधी दवाओं के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाता है. ब्राजील 2025 में यूरोपीय संघ का दूसरा सबसे बड़ा बीफ आपूर्तिकर्ता था.
मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग एससीओ समिट में हाथ मिलाते नजर आए
किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में मंगलवार, 1 सितंबर को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्य सदस्य देशों के प्रमुखों के साथ घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत कई राष्ट्राध्यक्षों ने इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया.
समिट के दौरान नरेंद्र मोदी ने व्लादिमीर पुतिन और शी जिनपिंग से हाथ मिलाया. इस दौरान तीनों नेता मुस्कुराते हुए नजर आए. इससे पहले सोमवार को मोदी ने पुतिन के साथ द्विपक्षीय मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पुतिन से कहा कि यूक्रेन में युद्ध का अंत होना जरूरी है और भारत युद्ध रोकने के लिए किए जाने वाले हर शांति प्रयास का समर्थन करेगा.
समिट के दौरान अपने संबोधन में भी पीएम मोदी ने सभी तनावों और युद्धों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया के संकट ने यह दिखाया है कि किसी एक क्षेत्र का संघर्ष वहीं तक सीमित नहीं रहता. उसका प्रभाव पूरे विश्व की ऊर्जा सुरक्षा, समुद्री व्यापार और सप्लाई चेनों पर पड़ता है. इसका सबसे अधिक खामियाजा ग्लोबल साउथ के देशों को भुगतना पड़ता है.”
बस गैंगरेप घटना पर राहुल गांधी बोले, राजधानी में भी महिलाएं सुरक्षित सफर नहीं कर सकतीं
दिल्ली-एनसीआर में चलती स्लीपर बस में एक नाबालिग लड़की के साथ हुई गैंगरेप की घटना को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “साल दर साल सरकार द्वारा प्रशासन की नाकामियों पर डाले गए पर्दों का नतीजा है कि देश की राजधानी में भी महिलाएं एक सुरक्षित सफर नहीं कर सकतीं.”
यह घटना 4 अगस्त की रात की है, जिसकी जानकारी सोमवार, 31 अगस्त को सामने आई. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, एक 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया. ग्रेटर नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच इस अपराध को अंजाम दिया गया. यह रास्ता करीब 47 किलोमीटर लंबा है और पुलिस के मुताबिक बस में पर्दे लगे हुए थे.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लिखा, “यह बस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, दिल्ली का रिंग रोड, बॉर्डर - सब पार कर गई, बिना एक भी चेकपोस्ट पर रोके गए…निर्भया के बाद इतने सालों में, इतनी घटनाओं के बाद भी ऐसी बसों की जांच और निगरानी के नियमों का पालन क्यों नहीं हो रहा?” उन्होंने पूछा कि क्या इस घटना को लेकर दिल्ली और यूपी पुलिस की जवाबदेही तय की जाएगी.
जर्मनी में मिला द्वितीय विश्व युद्ध का 250 किलोग्राम का बम
उत्तरी जर्मनी के विल्हेल्मशाफेन शहर में द्वितीय विश्व युद्ध का एक अमेरिकी बम मिला है. नौसेना शस्त्रागार में काम के दौरान 250 किलोग्राम का यह बिना फटा बम मिला. सुरक्षा कारणों से मंगलवार, 2 सितंबर को शहर के करीब 13,600 निवासियों को कुछ घंटों के लिए अपना घर छोड़ना होगा.
पुलिस के अनुसार, इस बम में दो फ्यूज लगे हैं. इसे निष्क्रिय करने से पहले एक किलोमीटर के दायरे को खाली कराना जरूरी है. निकासी प्रक्रिया मंगलवार, 2 सितंबर सुबह 8 बजे से शुरू होकर सुबह 11 बजे तक पूरी की जाएगी.
प्रशासन ने लोगों के लिए तीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को आपातकालीन सेंटर बनाया है. सुबह 8 बजे से प्रभावित इलाके में बस सेवाएं बंद रहेंगी. दो स्कूल और पांच बाल देखभाल केंद्र भी मंगलवार सुबह बंद रहेंगे. संकट प्रबंधन टीम देखभाल और नर्सिंग होम की निकासी का भी आकलन कर रही है.
“आतंकवाद के पूरे ईकोसिस्टम को ध्वस्त करना होगा”: पीएम मोदी
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आतंकवाद के वित्तपोषण, भर्ती, कट्टरता और सुरक्षित ठिकानों के पूरे ईकोसिस्टम को ध्वस्त करना होगा. उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन एससीओ के 26वें शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “हमें एक स्वर में बोलना होगा कि इस गंभीर विषय पर दोहरे मापदंड के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता.” उन्होंने आगे कहा, “जो देश आतंकवाद को अपनी नीति का साधन बनाते हैं, आतंकियों को पनाह और समर्थन देते हैं, उन्हें कड़ा संदेश देना होगा कि आतंकवाद किसी के लिए रणनीतिक संपत्ति नहीं हो सकता.”
इस दौरान उन्होंने सभी तनावों और युद्धों के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया के संकट ने यह दिखाया है कि किसी एक क्षेत्र का संघर्ष वहीं तक सीमित नहीं रहता. उसका प्रभाव पूरे विश्व की ऊर्जा सुरक्षा, समुद्री व्यापार और सप्लाई चेनों पर पड़ता है. इसका सबसे अधिक खामियाजा ग्लोबल साउथ के देशों को भुगतना पड़ता है इसलिए भारत का आह्वान रहा है कि सभी तनावों और युद्धों का समाधान जंग के मैदान पर नहीं बल्कि संवाद और कूटनीति से ही संभव है.”
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 25 सालों में एससीओ ने यूरेशिया के विशाल भूभाग में संवाद और सहयोग की एक मजबूत परंपरा विकसित की है. उन्होंने कहा कि एससीओ को लेकर भारत की सोच के तीन मुख्य स्तंभ सुरक्षा, जुड़ाव और अवसर हैं. उन्होंने आगे कहा कि भारत उन सभी प्रयासों का समर्थन करता है जो बाजारों को जोड़ते हैं, व्यापार को आसान बनाते हैं और विकास के नए रास्ते खोलते हैं लेकिन इन प्रयासों में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान भी बेहद जरूरी है.
फोल्क्सवागन नहीं संभाल पा रहा लागत, प्लांट बंद करने की योजना पर होगी बात
जर्मन कार कंपनी फोल्क्सवागन अपने प्लांट चलाने और नौकरियां बचाने की लागत उठाने की स्थिति में नहीं है. इसके चलते प्लांट बंद होने की संभावना है और 2030 तक 50 हजार नौकरियां घटाने की योजना है. 4 सितंबर को कंपनी की बोर्ड मीटिंग में इस मुद्दे पर चर्चा होगी.
श्रमिक संगठन 'आईजी मेटल' की प्रमुख क्रिस्टियाने बेनर ने इस कदम को "बड़ी गलती" बताया है और प्लांट बंद करने का कड़ा विरोध किया है. बेनर का कहना है कि 2024 के अंत में कंपनी और कर्मचारियों के बीच एक समझौता हुआ था. इसके तहत कर्मचारियों ने आर्थिक कटौती स्वीकार की थी, जिसके बदले कंपनी ने उनकी नौकरियों और भविष्य की संभावनाओं को सुरक्षित रखने का वादा किया था.
उन्होंने यह भी कहा कि जिन इलाकों में लोग फोल्क्सवागन के प्लांट पर बहुत ज्यादा निर्भर हैं, उनके प्रति कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी है. जैसे उत्तरी जर्मनी में एमडेन प्लांट पर लगभग 30 हजार नौकरियां निर्भर हैं, जबकि पूर्वी जर्मनी के लिए ज्विखाऊ प्लांट बहुत अहम है, क्योंकि वहां हर चार में से एक नौकरी कार उद्योग से जुड़ी है.
बेनर ने कहा कि फोल्क्सवागन को नए मॉडलों के साथ दोनों प्लांटों को पूरी क्षमता से चलाना चाहिए और इन साइटों के लिए नए बिजनेस मॉडल खोजने चाहिए. वहीं, मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओलिवर ब्लूम का मानना है कि अतिरिक्त बचत बेहद जरूरी है. बेनर ने ब्लूम पर खराब संवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि इन फैसलों से कर्मचारियों में भ्रम फैला है और उनका मनोबल गिरा है.
पीएम मोदी ने फिर कहा, जरूरत ना हो तो सोना ना खरीदें
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत बनाने की बात दोहराई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में भारत की 7.8 फीसदी की विकास दर पर खुशी जताई. उन्होंने कहा, “हमें इस गति को बनाए रखना है. हमें बढ़ना भी है और इसके लिए आत्मनिर्भर भारत बनना बहुत जरूरी है.”
उन्होंने कहा, “स्वदेशी का मंत्र, वोकल फॉर लोकल, विदेशों की यात्राएं अगर घूमने-फिरने जाते हैं तो नहीं करनी चाहिए, शादी बाहर विदेशों में करते हैं, नहीं करनी चाहिए, वेड इन इंडिया के मंत्र को जीना चाहिए और जरूरत न हो तो सोना भी नहीं खरीदना चाहिए.” उन्होंने कहा कि हम स्वदेशी और आत्मनिर्भर बनने पर बल देंगे तो आजादी के सौ साल पूरे होने पर युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंप पाएंगे.
मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून तक भारत ने 7.8 फीसदी की विकास दर दर्ज की है. इस पर मोदी ने कहा, “दुनिया संघर्षों में फंसी हुई है, हर तरफ से युद्ध की खबरें आ रही हैं और दुनिया संकटों से घिरी हुई है. सप्लाई चेन बुरी तरह बाधित हुई हैं. 2020 के कोविड दौर के बाद से, हर जगह स्थिरता की कमी रही है. फिर भी, भारत तेजी से तरक्की कर रहा है.”
कांग्रेस पार्टी के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा है कि जीडीपी के आंकड़े, अर्थव्यवस्था में घरेलू और विदेशी, दोनों तरह के निजी निवेश को लेकर बेहद कमजोर सेंटीमेंट को नहीं दिखाते हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत के पांच सबसे अमीर परिवारों की संपत्ति में 400 फीसदी की वृद्धि हुई है, जबकि वेतनभोगी कामगारों की वास्तविक मजदूरी घटी है.”
अमेरिका में जी20 की बैठक: एआई नियमों पर होगी दिग्गजों की चर्चा
अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित चैपल हिल में दो दिवसीय जी20 मंत्रिस्तरीय बैठक मंगलवार, 1 सितंबर को शुरू होगी. इसमें खरबपति इलॉन मस्क, एनवीडिया के जेन्सन हुआंग और ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन सहित कई टेक दिग्गज शामिल हो रहे हैं. मस्क वीडियो कॉल से जुड़ेंगे, जबकि हुआंग और ऑल्टमैन 2 सितंबर को व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे. इस बैठक में भारत, जापान, जर्मनी और फ्रांस जैसे प्रमुख देशों के मंत्री भी भाग ले रहे हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका इस साल जी20 की अध्यक्षता कर रहा है. बैठक का आयोजन व्हाइट हाउस और अमेरिकी वाणिज्य मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है. अमेरिका 'कैरोलिना प्रिंसिपल्स' पर वैश्विक सहमति बनाने की कोशिश कर रहा है. इस नीति के तहत सरकारें एआई को नियंत्रित करने के लिए नए नियामक निकाय बनाने से बचेंगी.
हाल ही में ओपनएआई के एआई एजेंट ने बिना इंसानी निगरानी के एआई प्लेटफॉर्म हगिंग फेस को हैक कर लिया था. इस घटना के बाद बिल गेट्स और गूगल डीपमाइंड के डेमिस हसाबीस ने सख्त सुरक्षा जांच और नए नियामक निकाय की मांग की थी. दूसरी ओर, ट्रंप प्रशासन एआई उद्योग के लिए कम नियमों की नीति का समर्थन कर रहा है. उन्होंने एआई डेटा सेंटरों का विरोध करने वालों की आलोचना भी की है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 01, 2026 06:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

