एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे चढ़कर 83.96 प्रति डॉलर पर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद अमेरिकी डॉलर के मुकाबले बुधवार को मात्र एक पैसे की बढ़त के साथ 83.96 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे चढ़कर 83.96 प्रति डॉलर पर बंद

मुंबई, नौ अक्टूबर अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद अमेरिकी डॉलर के मुकाबले बुधवार को मात्र एक पैसे की बढ़त के साथ 83.96 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि रिजर्व बैंक का मौद्रिक नीतिगत रुख बाजार की उम्मीदों के अनुरूप है। इसके अलावा घरेलू बाजारों में सुस्त रुझान और सकारात्मक अमेरिकी डॉलर ने निवेशकों की कारोबारी धारणा को प्रभावित किया।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति ने रेपो दर को अपरिवर्तित रखने के साथ नीतिगत रुख को 'तटस्थ' कर लिया है। इससे आगामी नीतिगत समीक्षाओं में मानक ब्याज दरों में कटौती होने की उम्मीदें बढ़ी हैं।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.92 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव 83.97 प्रति डॉलर के मुकाबले एक पैसे की बढ़त के साथ 83.96 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि आरबीआई ने रेपो दर और नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) को क्रमश: 6.5 प्रतिशत और 4.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखा है, जिससे भारतीय रुपया स्थिर बना हुआ है। यह बाजार की उम्मीदों के अनुरूप है।

उन्होंने कहा, "हमारा अनुमान है कि संस्थागत विदेशी निवेशकों (एफआईआई) की ओर से बिकवाली के दबाव और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। मजबूत अमेरिकी डॉलर भी रुपये पर दबाव डाल सकता है।’’

चौधरी ने कहा, "डॉलर आठ सप्ताह के उच्चतम स्तर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, घरेलू बाजारों में सुधार और कच्चे तेल की कमजोर कीमतों से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिल सकता है।"

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत बढ़कर 102.63 हो गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.82 प्रतिशत चढ़कर 77.81 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसक्स 167.71 अंक घटकर 81,467.10 अंक और एनएसई निफ्टी 31.20 अंक गिरकर 24,981.95 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 5,729.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 09, 2024 06:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).