जरुरी जानकारी | डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे चढ़कर 83.89 पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रुपया शुक्रवार को सीमित दायरे में कारोबार करते हुए डॉलर के मुकाबले चार पैसे की बढ़त के साथ 83.89 (अस्थायी) पर बंद हुआ। जैक्सन होल संगोष्ठी में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के भाषण से पहले कारोबारियों के सतर्क रुख अपनाने से कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।
मुंबई, 23 अगस्त रुपया शुक्रवार को सीमित दायरे में कारोबार करते हुए डॉलर के मुकाबले चार पैसे की बढ़त के साथ 83.89 (अस्थायी) पर बंद हुआ। जैक्सन होल संगोष्ठी में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के भाषण से पहले कारोबारियों के सतर्क रुख अपनाने से कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कमजोर अमेरिकी डॉलर, विदेशी पूंजी के प्रवाह और घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख ने रुपये को सहारा दिया। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आई तेजी ने तेज बढ़त को रोक दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 83.93 पर खुला और दिन में कारोबार के दौरान 83.85 के उच्च स्तर तक गया। रुपया कारोबार के अंत में डॉलर के मुकाबले 83.89 (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद स्तर से चार पैसे की बढ़त है।
पिछले कारोबारी सत्र में रुपया तीन पैसे टूटकर 83.93 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि “रुपये के थोड़े नकारात्मक रुझान के साथ कारोबार करने की आशंका है। कारोबारी जैक्सन होल संगोष्ठी में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के भाषण से पहले सतर्क बने हुए हैं। इसमें ब्याज दरों में कटौती के बारे में कुछ संकेत मिल सकता है।”
उन्होंने कहा, “कमजोर अमेरिकी और एशियाई बाजार तथा कच्चे तेल की कीमतों में सुधार से रुपये पर दबाव पड़ सकता है, जबकि सकारात्मक घरेलू बाजार निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकते हैं।”
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.40 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.05 प्रतिशत चढ़कर 78.03 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 33.02 अंक बढ़कर 81,086.21 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 11.65 अंक की बढ़त के साथ 24,823.15 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 1,371.79 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2024 04:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

