एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे की बढ़त के साथ 83.32 प्रति डॉलर पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले एक पैसे की हल्की बढ़त के साथ 83.32 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | रुपया एक पैसे की बढ़त के साथ 83.32 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 25 अप्रैल अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले एक पैसे की हल्की बढ़त के साथ 83.32 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

विश्लेषकों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख से मिले समर्थन को विदेशी संस्थागत निवेशकों की सतत बिकवाली दवाब ने बेअसर कर दिया। हालांकि, अपने प्रतिद्वन्द्वी मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर होने से रुपये को समर्थन मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.34 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 83.31 प्रति डॉलर के ऊपरी स्तर पर गया और 83.40 के निम्नतम स्तर तक आया।

कारोबार के अंत में यह डॉलर के मुकाबले 83.32 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से महज एक पैसे मजबूत है।

रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले दो पैसे की गिरावट के साथ 83.33 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

शेयरखान बाय बीएनपी पारिबा के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि कच्चे तेल की कीमतों में सुधार तथा एशियाई और यूरोपीय बाजारों में कमजोर रुख के कारण रुपया थोड़ा नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। हालांकि, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बीच डॉलर में नरमी से निचले स्तर पर रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’

चौधरी ने कहा कि व्यापारी, जीडीपी के अग्रिम अनुमान, साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और अमेरिका से आने वाले घरों की बिक्री के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। शुक्रवार को मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपया 83.10 रुपये से 83.70 रुपये के बीच रहने की उम्मीद है।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 88.06 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को परखने वाला डॉलर सूचकांक 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 105.60 रह गया।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 486.50 अंक की तेजी के साथ 74,339.44 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,511.74 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2024 05:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).