जरुरी जानकारी | रुपया चार पैसे की तेजी के साथ 84 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को सीमित दायरे में कारोबार के बाद चार पैसे की बढ़त के साथ 84 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की घटती कीमतों से निवेशकों की कारोबारी धारणा को समर्थन मिला।
मुंबई, 16 अक्टूबर अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को सीमित दायरे में कारोबार के बाद चार पैसे की बढ़त के साथ 84 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की घटती कीमतों से निवेशकों की कारोबारी धारणा को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि मजबूत डॉलर और घरेलू शेयर बाजारों में नरम रुख के कारण रुपये पर दबाव पड़ा, जबकि कमजोर कच्चे तेल की कीमतों और भारतीय रिजर्व बैंक के किसी भी संभावित हस्तक्षेप से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिला।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.03 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 83.98 से लेकर 84.07 प्रति डॉलर के दायरे में रहने के बाद अंत में चार पैसे की तेजी के साथ 84 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 84.04 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के एवीपी - जिंस एवं मुद्रा मनीष शर्मा ने कहा, ‘‘विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने के बीच विदेशी कोषों की निकासी से रुपये में गिरावट रही।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अक्टूबर में कुल मिलाकर विदेशी संस्थागत निवेशकों ने आठ अरब डॉलर की निकासी की है। इससे रुपये की धारणा प्रभावित हुई हैा’’
विश्लेषकों ने कहा कि निवेशक बृहस्पतिवार को आने वाली अमेरिकी खुदरा बिक्री और बेरोजगारी दावों की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जो अमेरिका में नीतिगत दरों के भविष्य के मार्ग के बारे में संकेत देंगे। इससे डॉलर को महत्वपूर्ण दिशा मिल सकती है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत घटकर 103.25 रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.31 प्रतिशत घटकर 74.02 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसक्स 318.76 अंक घटकर 81,501.36 अंक पर और एनएसई निफ्टी 86.05 अंक की गिरावट के साथ 24,971.30 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 1,748.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2024 06:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

