जरुरी जानकारी | विदेशी मुद्रा की आवक से रुपया 27 पैसे चढ़कर 82.72 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 27 पैसे की बढ़त के साथ 82.72 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले दो महीने में किसी एक दिन की सर्वाधिक तेजी है।
नयी दिल्ली, 23 अगस्त अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 27 पैसे की बढ़त के साथ 82.72 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह पिछले दो महीने में किसी एक दिन की सर्वाधिक तेजी है।
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के कारण निवेश प्रवाह बढ़ने और घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख से तेजी को समर्थन मिला। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी रुपये की धारणा मजबूत हुई।
हालांकि, अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने रुपये के लाभ को सीमित किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.02 पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 82.68 से 83.02 के दायरे में रहने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव से 27 पैसे की बढ़त के साथ 82.72 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
इससे पहले भारतीय मुद्रा में इस साल 16 जून को एक दिन में सर्वाधिक 35 पैसे की तेजी दर्ज की थी।
पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे की बढ़त के साथ 82.99 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.34 प्रतिशत बढ़कर 103.91 पर पहुंच गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.11 प्रतिशत घटकर 83.10 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर कारोबार कर रहा था।
तीस शेयरों पर आधारित बंबई शेयर सूचकांक 213.27 अंक की तेजी के साथ 65,433.30 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 617 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2023 10:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

