जरुरी जानकारी | अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 10 पैसे चढ़कर 84.78 प्रति डॉलर पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरकर 10 पैसे की बढ़त के साथ 84.78 (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में मजबूत सुधार और मुद्रास्फीति के आंकड़ों में नरमी के कारण रुपये को समर्थन मिला।
मुंबई, 13 दिसंबर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरकर 10 पैसे की बढ़त के साथ 84.78 (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में मजबूत सुधार और मुद्रास्फीति के आंकड़ों में नरमी के कारण रुपये को समर्थन मिला।
हालांकि, विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशों में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और विदेशी कोष की निकासी ने स्थानीय मुद्रा में सकारात्मक रुख को सीमित किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.87 पर खुला और कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 84.77 के उच्चतम स्तर तक गया। अंत में डॉलर के मुकाबले रुपया 84.78 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से 10 पैसे की बढ़त है।
बृहस्पतिवार को रुपया पांच पैसे गिरकर 84.88 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर बंद हुआ था। इससे पहले रुपया नौ दिसंबर को 20 पैसे गिरकर 84.86 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि मुद्रास्फीति में गिरावट और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के बेहतर आंकड़ों के कारण रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरा है।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक घरेलू बाजारों ने भी रुपये को समर्थन दिया। ब्रिटेन और जर्मनी के निराशाजनक आर्थिक आंकड़ों के कारण अमेरिकी डॉलर में तेजी आई।
चौधरी ने कहा, “हमारा अनुमान है कि मजबूत अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। विदेशी संस्थागत निवेशों (एफआईआई) की निकासी से भी रुपये पर दबाव पड़ सकता है। हालांकि, सकारात्मक घरेलू शेयर बाजार और उम्मीद से बेहतर वृहत आर्थिक आंकड़े निचले स्तरों पर रुपये को सहारा दे सकते हैं। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 84.65 रुपये से 85.05 रुपये के बीच रहने की संभावना है।”
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 106.70 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.54 प्रतिशत बढ़कर 73.81 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 843.16 अंक की बढ़त के साथ 82,133.12 अंक और एनएसई निफ्टी 219.60 अंक चढ़कर 24,768.30 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजारों में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को 3,560.01 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 13, 2024 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

